कुरुक्षेत्र। सांसद नवीन जिंदल ने रेलवे मंत्री अश्विनी वैष्णव और रेलवे मंत्रालय के आला अधिकारियों से मुलाकात कर कुरुक्षेत्र संसदीय क्षेत्र से जुड़ी रेलवे परियोजनाओं पर विचार विमर्श किया। सांसद ने धर्मनगरी में अनेक महत्वपूर्ण ट्रेनों के ठहराव की भी बात रखी तो वहीं कुरुक्षेत्र रेलवे स्टेशन के विकास के लिए इसे अमृत भारत स्टेशन योजना में शामिल करने की भी मांग की।
रेलवे मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कुरुक्षेत्र रेलवे स्टेशन को अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत विकसित कराने का भी भरोसा दिलाया। बैठक के बाद सांसद ने कहा कि कुरुक्षेत्र रेलवे स्टेशन के अमृत भारत स्टेशन योजना में शामिल होने पर क्षेत्र वासियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। वहीं उनके कार्यालय प्रभारी धर्मवीर सिंह ने बताया कि सांसद नवीन संसदीय क्षेत्र का सर्वांगीण करने के प्रति गंभीरता पूर्वक कार्य कर रहे हैं। इसके लिए संबंधित प्रत्येक मंत्रालय और विभाग से पत्राचार किया जा रहा है, साथ ही संबंधित व्यक्तियों से व्यक्तिगत रूप से मिलकर विचार विमर्श कर रहे है।