कुरुक्षेत्र। राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी) कुरुक्षेत्र में फैकल्टी सदस्यों के मानसिक स्वास्थ्य और तनाव प्रबंधन को लेकर द पावर ऑफ पॉजिटिविटी विषय पर एक कार्यशाला का आयोजन किया गया। यह कार्यशाला मानसिक स्वास्थ्य प्लेटफार्म योरदोस्त.कॉम के सहयोग से आयोजित हुई, जिसमें संस्थान के करीब 160 संकाय सदस्यों ने भाग लिया। कार्यशाला का आयोजन छात्र कल्याण अधिष्ठाता प्रो. लिली दीवान की ओर से किया गया।
सत्र का संचालन योरदोस्त की काउंसलिंग साइकोलॉजिस्ट डॉल्सी पांडे ने किया। इस दौरान शिक्षकों को नकारात्मक सोच की पहचान करने, उसके प्रभाव को समझने और उसे सकारात्मक दृष्टिकोण में बदलने के व्यावहारिक तरीके बताए गए। सत्र में तनाव प्रबंधन, मानसिक संतुलन और भावनात्मक स्वास्थ्य को बेहतर बनाने पर भी विस्तार से चर्चा की गई, साथ ही प्रतिभागियों को दैनिक जीवन में ग्रैटिट्यूड प्रैक्टिस अपनाने के सुझाव दिए गए, ताकि सकारात्मक सोच विकसित की जा सके। संस्थान के निदेशक प्रो. ब्रह्मजीत सिंह ने कहा कि शिक्षा क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन और नवाचार के लिए मानसिक रूप से स्वस्थ और सकारात्मक वातावरण बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की कार्यशालाएं शिक्षकों के लिए सहयोगात्मक और बेहतर कार्य वातावरण तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।