शाहाबाद। क्षेत्र में चोरी की वारदातें थम नहीं रही है। इन वारदातों को रोकने में पुलिस नाकाम साबित हो रही है। चोरों ने मंगलवार की रात को विधायक की गश्त को भी धता बताते हुए चोरों ने पांच दुकानों के ताले तोड़कर हजारों की नकदी व सामान चोरी कर लिया है। चोरी की बढ़ती वारदातों से दुकानदारों में रोष पनप रहा है।
विधायक रामकरण काला ने मंगलवार की रात अपनी पार्टी के कार्यकर्ताओं और पुलिस कर्मचारियों के साथ रात 11 बजे से लेकर सुबह साढ़े तीन बजे तक शहर के बाजारों व गली मोहल्लों की गश्त की थी, लेकिन चोरों ने इस गश्त को भी भेद दिया और चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया। चोरी की पहली घटना लाडवा रोड पर वीरेंद्र खनेजा की दुकान पर हुई। यहां से चोर करीब पांच हजार की नकदी और लोहा, पीतल व सिल्वर का सामान चुरा ले गए। इससे दुकानदार को 50 से 60 हजार का नुकसान हुआ है।
चोर लाडवा रोड पर ही एक अन्य दुकान को निशाना बनाते हुए यहां से करीब 1900 रुपये की नकदी और करीब सात हजार का सामान चोरी करके ले गए। दुकानदार शुभम ने बताया कि सीसीटीवी में दो चोर वारदात को अंजाम देते दिखाई दे रहे हैं। वहीं स्टेशन माजरी की मोटर मार्केट में भी चोरों ने तीन दुकानों के ताले तोड़े हैं। इन दुकानों पर कोई नुकसान नहीं हुआ है। वहीं एक अन्य कार स्पेयर पार्ट की दुकान पर चोरी की वारदात हुई है। चोरी की इन घटनाओं से दुकानदारों में पुलिस के खिलाफ रोष है। पुलिस अधीक्षक से मांग करते हुए कहा कि चोरी की घटनाओं को रोकने के लिए पुख्ता प्रबंध किए जाए। चोरी की सूचना मिलते ही पुलिस वीरेंद्र खनेजा की दुकान पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना किया।
पुलिस ने नहीं करेंगे चोरी की शिकायत
दुकानदारों का आरोप है कि पुलिस सीसीटीवी कैमरे लगवाने पर जोर दे रही है, लेकिन एक चोर को नहीं पकड़ पाई है। क्षेत्र में चोरी वारदात बढ़ती जा रही है और पुलिस चोरी की कोई वारदात ट्रेस नहीं कर पाई है। मोटर मार्केट के दुकानदारों ने कहा कि वह चोरी की घटना की शिकायत पुलिस में नहीं करेंगे। पिछली बार इस मार्केट में चोर हुई तो दुकानदार एकत्रित होकर पुलिस के पास शिकायत लेकर पहुंचे थे। पुलिस ने कार्रवाई करने की बजाय दुकानदारों को ही डांट दिया था कि चौकीदार न होने की वजह से चोरी हुई है।
शाहाबाद में प्रवेश करने वाले सभी रास्तों पर लगाए जाएंगे गेट : रामकरण
शाहाबाद विधायक रामकरण काला ने बताया कि शाहाबाद में प्रवेश करने वाले सभी रास्तों पर गेट लगाए जाएंगे। इसके अलावा सभी दुकानदारों से अपील की गई है कि अपने स्तर पर चौकीदार का प्रबंध करें। चौकीदार के होने से चोरियों पर अंकुश लगेगा।
रात को गश्त बढ़ाने के दिए जाएंगे निर्देश : बलबीर सिंह
शाहाबाद के कार्यकारी थाना प्रबंधक बलबीर सिंह ने बताया कि सभी मार्केट के प्रधानों के साथ बैठक की जाएगी। इसके अलावा पुलिस कर्मियों को रात को गश्त बढ़ाने के निर्देश दिए जाएंगे। वहीं सभी दुकानदारों से चौकीदार रखने की अपील करेंगे।
.