कुरुक्षेत्र। युवा जजपा के वरिष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. जसविंदर खैहरा ने कहा कि एनआईटी में लगातार हो रही आत्महत्या की घटनाओं को प्रशासन और सरकार को गंभीरता से लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि आखिर ऐसी कौन सी परिस्थितियां हैं, जिनके कारण विद्यार्थी इतना बड़ा कदम उठाने को मजबूर हो रहे हैं। इन कारणों की गहराई से जांच कर समस्याओं का स्थायी समाधान किया जाना चाहिए, ताकि भविष्य में इस प्रकार की दुखद घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।
एनआईटी कुरुक्षेत्र में पिछले दो महीनों में चार विद्यार्थियों की ओर से आत्महत्या किए जाने की घटना और बीती रात विद्यार्थियों की ओर से किए गए धरना-प्रदर्शन के बाद डॉ. जसविंदर खैहरा ने विद्यार्थियों का समर्थन किया है। जाट धर्मशाला में आयोजित प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए डॉ. खैहरा ने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि कुरुक्षेत्र को सीएम सिटी कहा जाता है लेकिन इतने गंभीर मामले के बावजूद न तो मुख्यमंत्री का कोई ठोस बयान सामने आया है और न ही स्थानीय सांसद ने इस विषय पर कोई प्रतिक्रिया दी है, जो बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने आगे कहा कि शनिवार को हिसार में पूर्व उपमुख्यमंत्री दुष्यंत सिंह चौटाला एवं युवा प्रदेश अध्यक्ष दिग्विजय सिंह चौटाला के साथ पुलिस द्वारा किया गया व्यवहार निंदनीय और लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है।