कुरुक्षेत्र। एलएनजेपी नागरिक अस्पताल में नाबालिग से यौन शोषण मामले में नर्सिंग स्टाफ का विरोध बुधवार को भी जारी रहा। सुबह से ही कर्मचारी धरनास्थल पर एकत्र हुए और रेनू भाटिया के खिलाफ नारेबाजी की। नर्सों के इस धरने पर महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष पर्ल चौधरी अस्पताल पहुंचीं। इस दौरान उन्होंने नर्सिंग स्टाफ से मुलाकात कर उनका पक्ष सुना और पीड़ित बच्ची से मुलाकात भी की।
पर्ल चौधरी ने कहा कि आरोपी डॉक्टर के खिलाफ केवल मौजूदा मामले की जांच पर्याप्त नहीं है, उसके पिछले 20 वर्षों के रिकॉर्ड की भी गहन जांच होनी चाहिए। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि आरोपी पहले भी गंभीर आरोपों का सामना कर चुका था और जेल तक जा चुका था, तो उसकी दोबारा नियुक्ति किसके आदेश पर हुई। नियुक्ति प्रक्रिया में किन अधिकारियों के हस्ताक्षर थे और किस स्तर पर उसे संरक्षण मिला, इसकी भी विभागीय जांच होनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि यदि आरोपी डॉक्टर आदतन अपराधी है तो यह केवल एक व्यक्ति का मामला नहीं, बल्कि पूरे सिस्टम की विफलता है, ऐसे में जिम्मेदार अधिकारियों की भूमिका की भी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि हरियाणा महिला आयोग की पूर्व अध्यक्ष रेनू भाटिया का इस्तीफा सही है लेकिन इससे पूरा मामला खत्म नहीं हो जाता। उन्होंने आरोप लगाया कि पूरे प्रकरण में नर्सिंग स्टाफ को बलि का बकरा बनाने का प्रयास किया गया, जबकि जवाबदेही स्वास्थ्य विभाग और प्रशासनिक तंत्र की भी बनती है।
उन्होंने रेनू भाटिया पर निशाना साधते हुए कहा कि विवादित टिप्पणियों के बाद भी सार्वजनिक रूप से माफी नहीं मांगना पद और सत्ता के अहंकार को दर्शाता है। संवैधानिक पद पर बैठे व्यक्ति से संवेदनशील और जिम्मेदार व्यवहार की अपेक्षा की जाती है। उन्होंने कहा कि पीड़ित बच्ची को न्याय मिलना चाहिए और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए।
रेनू भाटिया के खिलाफ एफआईआर के कम मंजूर नहीं : अनीता
सीनियर नर्सिंग ऑफिसर अनीता ने कहा कि रेनू भाटिया की टिप्पणियों से पूरे नर्सिंग समुदाय की छवि को ठेस पहुंची है। उन्होंने कहा कि नर्सिंग स्टाफ का इस मामले से कोई लेना-देना नहीं था, फिर भी पूरे कैडर को कटघरे में खड़ा कर दिया गया। संगठन रेनू भाटिया के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने और सार्वजनिक माफी की मांग पर कायम है।
मानहानि का करेंगे दावा : मोनिका
सीनियर नर्स मोनिका ने कहा कि वह स्टेट एसोसिएशन के निर्देश के अनुसार हम काम पर लौटी हैं लेकिन रेनू भाटिया ने जो नर्सों को लेकर टिप्पणी की है उसके लिए उनके खिलाफ मानहानि का केस दर्ज करेंगे।