कुरुक्षेत्र/शाहाबाद। शाहाबाद थाना क्षेत्र के रावा गांव में 11वीं कक्षा में पढ़ने वाले 16 वर्षीय छात्र निखिल ने संदिग्ध परिस्थितियों में फंदा लगाकर अपनी जीवन लीला को समाप्त कर लिया। जिस समय छात्र ने फंदा लगाया वह घर में अकेला था और पूरा परिवार रिश्तेदारी में एक शादी में गया हुआ था। सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम करवाने के लिए जिला नागरिक अस्पताल में भेज दिया।
निखिल के भाई पंकज कुमार (21) ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि निखिल तीन भाइयों में सबसे छोटा था और कुछ समय से पढ़ाई के लिए तनाव में चल रहा था। 3 दिसंबर को परिवार अंबाला जिले के घसीटपुर गांव में बुआ के बेटे की शादी में भात भरने गया था लेकिन निखिल परीक्षा होने की वजह से घर पर अकेला ही रुक गया था। अगले दिन यानी 4 दिसंबर को गांव के ही युवक आर्यन ने निखिल के पिता जयपाल को फोन कर निखिल के फंदा लगाने की सूचना दी।
सूचना मिलते ही वे तुरंत गांव लौटे तो निखिल कमरे में पंखे से कपड़े का फंदा लगाकर लटका हुआ था। उसके पिता जयपाल ने बताया कि पूरे परिवार ने निखिल को शादी में जाने के लिए मनाया लेकिन निखिल परीक्षा की बात कहकर टाल गया। उस दिन तो निखिल स्कूल ही नहीं गया। उसके अध्यापकों ने बताया कि अगले दिन भी दो मिनट के लिए स्कूल गया था और फिर वापस आ गया। थाना शाहाबाद पुलिस ने शुक्रवार को इत्तेफाकिया रिपोर्ट दर्ज करने के बाद शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया।
कुरुक्षेत्र। मृतक निखिल।