संवाद न्यूज एजेंसी
कुरुक्षेत्र। राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी) के सबसे बड़े तकनीकी उत्सव टेक्सपर्धा 2025 का वीरवार को निदेशक बीवी रमना रेड्डी के विदाई भाषण के साथ समापन हुआ। चार दिनों तक चले इस आयोजन ने छात्रों की तकनीकी क्षमता, नवाचार और नए विचारों को एक मंच दिया। निदेशक ने कहा कि ऐसे आयोजन युवाओं में नेतृत्व, नवाचार और तकनीकी सोच को मजबूत करते हैं, जो भारत को तकनीकी रूप से और भी सक्षम बनाते हैं।
27 से 30 अक्तूबर तक चले इस महोत्सव में 100 से ज्यादा तकनीकी कार्यक्रम आयोजित हुए। इनमें कोडिंग, रोबोटिक्स, इलेक्ट्रॉनिक्स, उद्यमिता, डिज़ाइनिंग, स्पेस साइंस और गेमिंग जैसे कई आधुनिक क्षेत्रों की प्रतियोगिताएं शामिल थी। देशभर के विभिन्न प्रतिष्ठित संस्थानों के छात्रों ने इसमें भाग लिया, जिससे कैंपस ऊर्जा और उत्साह से भर गया। समापन समारोह के दौरान अलग-अलग प्रतियोगिताओं में विजेता प्रतिभागियों को प्रमाणपत्र, ट्रॉफी और मेडल देकर सम्मानित किया गया।
इस बार कार्यक्रम में एनआईटी की 12 तकनीकी सोसाइटियां टेक्नाबाइट, ईएमआर, इलेक्ट्रोरेक, माइक्रोबस, मेक्सपेरटस, इनोवेशन सेल, एनॉट, अतंरिक्ष, ई-सेल, इन्वि्कजिटिव, रिस्क और रोबोनिक्स खास आकर्षण का केंद्र रही। इन सभी सोसाइटियों ने अपने-अपने क्षेत्रों से जुड़े खास इवेंट्स, वर्कशॉप और चुनौतियों का सफल आयोजन किया।
फेस्ट में हैकथॉन, कोडिंग बैटल, स्टार्टअप पिचिंग, रोबोटिक प्रतियोगिता और एस्ट्रो हंट जैसे कार्यक्रमों ने युवाओं की तकनीकी प्रतिभा को नई उड़ान दी।