भारत-पाक के बीच बढ़ा तनाव: कुरुक्षेत्र यूनिवर्सिटी ने की परीक्षाएं स्थगित, प्रशासन जल्द जारी करेगा नई तारीखें
Fri, 09 May 2025 09:58 AM IST
नवीन दलाल
संवाद न्यूज एजेंसी, कुरुक्षेत्र (हरियाणा)
सार
जम्मू-कश्मीर में भारत द्वारा आतंकी ठिकानों पर की गई सैन्य कार्रवाई और इसके बाद पाकिस्तान की ओर से की गई जवाबी कार्रवाई के कारण सीमावर्ती क्षेत्रों में तनाव बढ़ गया है।
भारत और पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव और सीमा पर अस्थिर स्थिति को देखते हुए कुरुक्षेत्र यूनिवर्सिटी ने अपनी सभी स्नातक (यूजी) और स्नातकोत्तर (पीजी) परीक्षाओं को अगले आदेश तक स्थगित कर दिया है। यूनिवर्सिटी प्रशासन ने यह निर्णय छात्रों की सुरक्षा और क्षेत्र में उत्पन्न असाधारण परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए लिया है।
विज्ञापन
हाल ही में जम्मू-कश्मीर में भारत द्वारा आतंकी ठिकानों पर की गई सैन्य कार्रवाई और इसके बाद पाकिस्तान की ओर से की गई जवाबी कार्रवाई के कारण सीमावर्ती क्षेत्रों में तनाव बढ़ गया है। इस स्थिति के मद्देनजर, विशेष रूप से हरियाणा के उन जिलों में जहां यूनिवर्सिटी के परीक्षा केंद्र हैं, छात्रों और कर्मचारियों की सुरक्षा को प्राथमिकता दी गई है।
हालांकि, यूनिवर्सिटी ने स्पष्ट किया कि प्रवेश परीक्षाओं का शेड्यूल अपरिवर्तित रहेगा और वे पूर्व निर्धारित तिथियों पर ही आयोजित की जाएंगी। स्थगित परीक्षाओं की नई तारीखें यूनिवर्सिटी की आधिकारिक वेबसाइट पर जल्द जारी की जाएंगी।