संवाद न्यूज एजेंसी
कुरुक्षेत्र। जिला पुलिस की ओर से सैनी पब्लिक स्कूल में जागरूकता सेमिनार का आयोजन किया गया। यातायात पुलिस कोर्डिनेटर रोशन लाल और पुलिस प्रवक्ता नरेश सागवाल ने विद्यार्थियों को यातायात नियमों का पाठ पढ़ाने के साथ साइबर क्राइम से बचने के तरीके बताए।
यातायात पुलिस कोऑर्डिनेटर रोशन लाल ने कहा कि आज के समय में विद्यार्थियों के लिए किताबी ज्ञान के साथ साथ नैतिक मूल्यों का ज्ञान होना भी जरूरी है। नैतिक मूल्यों और संस्कारों के ज्ञान से विद्यार्थी जीवन में अपना लक्ष्य प्राप्त कर सकते हैं। जिस प्रकार सही रास्ते पर चलते हुए तरक्की की जा सकती है उसी प्रकार यातायात नियमों का पालन करते हुए मनुष्य खुद भी सुरक्षित रह सकता है और दूसरों को भी सुरक्षित रहने का मौका देता है।
उन्होंने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में सबसे ज्यादा नुकसान युवा वर्ग का हो रहा है। युवा वर्ग यातायात नियमों को अपने व्यवहार में अपनाकर और छोटी-छोटी आदतों को जीवन का हिस्सा बनाकर अपना व दूसरों का जीवन सुरक्षित रख सकते हैं। सावधानी बरतने से ही बढ़ते हुए सड़क हादसों पर अंकुश लगाया जा सकता है।
वहीं पुलिस प्रवक्ता नरेश सागवाल ने कहा कि साइबर क्राइम से बचने के लिए सभी थानों में हेल्प डेस्क बनाए गए हैं। इनके माध्यम से साइबर क्राइम का शिकार हुए व्यक्ति की सहायता की जाती है। अगर साइबर क्राइम की किसी भी प्रकार की कोई वारदात घटित हो तो तुरंत राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करके सूचित करें। किसी भी प्रकार के ऑनलाइन जॉब, फ्री रिचार्ज, लुभावने ऑफर से बचें।
उन्होंने कहा कि साइबर अपराधी लॉटरी, एनी डेस्क एप, टीम व्यूवर, एसएमएस फॉरवर्डिंग एप, लोन एप, फेक कस्टमर केयर नंबर के माध्यम से लोगों से ठगी करते हैं। साथ ही बताया कि ऑनलाइन जॉब, क्रेडिट और डेबिट क्रार्ड की डिटेल प्राप्त कर भी साइबर ठग खातों से रुपये उड़ा रहे हैं। साइबर क्राइम के शिकार होने पर पुलिस और हेल्पलाइन नंबर पर सूचना दें। इस मौके पर स्कूल प्रिंसिपल साहिल शर्मा, रेनू दहिया, परमजीत कौर, प्रिया मलिक, संगीता, सोहन लाल, सुरेंद्र सैनी, मदन लाल आदि मौजूद रहे।