गांव अटवान की पंचायती जमीन पर चल रही अवैध माइनिंग पर प्रशासन ने कड़ी कार्रवाई की है। सूचना मिलते ही मौके पर तहसीलदार पहुंचे और जेसीबी को माइनिंग करते रुकवाया गया। तहसीलदार टीआर गौतम ने बताया कि शुक्रवार को उन्हें फोन पर सूचना मिली थी की कि गांव अटवान की पंचायती जमीन पर अवैध माइनिंग की जा रही है। जिस पर उन्होंने इसकी सूचना आलाअधिकारियों को दी और टीम के साथ मौके पर पहुंचे। मौके पर जेसीबी माइनिंग का काम कर रही थी, जिस पर काम को रुकवाया गया। तहसीलदार टीआर गौतम ने बताया कि जब जेसीबी चालक से बात की गई तो उसने बताया कि गांव के सरपंच ने उसे यह काम करने के लिए कहा है। लेकिन चालक ने यह भी कहा कि वह सरपंच को नहीं जानता, लेकिन किसी अन्य व्यक्ति ने उसकी बात कराई थी। तहसीलदार टीआर गौतम ने बताया कि जेसीबी की चाबी लेकर वे शाहाबाद पहुंचे और पुलिस को चाबी सौंप जेसीबी को इंपाउंड करने के निर्देश दिए हैं।
इस बारे में जब थाना प्रभारी प्रतीक कुमार से बातचीत की गई तो उन्होंने कहा कि तहसीलदार टीआर गौतम ने जेसीबी की चाबी उन्हें सौंपी थी, लेकिन जब पुलिस टीम गांव अटवान में पहुंची तो मौके पर जेसीबी नहीं मिली। उन्होंने कहा कि प्रशासन को मौके पर ही पुलिस टीम बुलानी चाहिए थी। थाना प्रभारी ने कहा कि तहसीलदार की शिकायत के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।