कुरुक्षेत्र। कुरुक्षेत्र पैनोरमा एवं विज्ञान केंद्र में आजादी के अमृत महोत्सव के दौरान चल रहे पांच दिवसीय अंतरराष्ट्रीय संग्रहालय सप्ताह का शुक्रवार को समापन हुआ। इस दौरान आयोजित चित्रकला प्रतियोगिता में अग्रसेन पब्लिक स्कूल के तनिष्क ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।
कार्यक्रम में विभिन्न शैक्षिक व प्रयोगात्मक कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिसमें विभिन्न स्कूल के विद्यार्थियों ौर विशेष आवश्यकताओं वाले बच्चों ने भाग लिया। कार्यक्रम में डॉ आर ऋषी विशिष्ट अतिथि रहे। उन्होंने केंद्र में आयोजित की गई विभिन्न प्रतियोगिताओं के प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया।
विज्ञापन
केंद्र के परियोजना समायोजक केएस नेहरू ने बताया कि संग्रहालयों के सामने आज प्राचीन धरोहर व संस्कृति को नवीनता के साथ प्रस्तुत करने की चुनौती हैं। अधिक से अधिक जनमानस को संग्रहालयों के साथ जोड़ने से उद्देश्य से ही यह कार्यक्रम आयोजित किया गया।
केंद्र के शिक्षा अधिकारी जितेंद्र दास ने बताया कि केंद्र में शिक्षा के प्रवेश द्वार के रूप में संग्रहालय विषय पर चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें प्रथम अग्रसेन पब्लिक स्कूल के तनिष्क, द्वितीय विज्डम वर्ल्ड स्कूल की प्रियंजल अरोड़ा और तृतीय पुरस्कार रंजना ने प्राप्त किया। इसके अतिरिक्त विद्यार्थियों के लिए विज्ञान फिल्म शो भी आयोजित किया गया।