शाहाबाद। घायल सुरिंदर सिंह से बातचीत करते कांग्रेस सांसद कुमारी शैलजा। स्वयं
शाहाबाद। गुरुद्वारा पंजोखरा साहिब प्रकरण में घायल हुए सुरिंदर सिंह का हाल जानने के लिए कांग्रेस सांसद कुमारी सैलजा शाहाबाद के मोहड़ी स्थित आदेश अस्पताल पहुंचीं। इस दौरान उन्होंने उसके परिजनों से भी मुलाकात की। सुरिंदर सिंह ने सांसद को घटना की पूरी आपबीती सुनाई।
उन्होंने बताया कि घटना के दौरान वह करीब 10 मिनट तक गुरसिमरन मंड की गाड़ी के नीचे दबा रहा। इस दौरान उसकी हालत बेहद गंभीर हो गई थी और काफी मशक्कत के बाद उसे गाड़ी के नीचे से निकाला गया। परिजनों ने कुमारी सैलजा को बताया कि सुरिंदर ही परिवार का मुख्य सहारा और कमाने वाला सदस्य है। परिवार पहले से ही कर्ज के बोझ तले दबा हुआ है। ऐसे में सुरिंदर के घायल होकर अस्पताल के बिस्तर पर पहुंच जाने से परिवार के सामने आर्थिक संकट और भविष्य की चिंता खड़ी हो गई है। परिजनों ने कहा कि जिस बेटे के सहारे परिवार चल रहा था, आज उसी के उपचार और परिवार के खर्च को लेकर वे चिंतित हैं। उन्होंने मांग की कि सुरिंदर सिंह को तत्काल न्याय मिले और घटना के लिए जिम्मेदार आरोपियों के खिलाफ बिना किसी देरी के कार्रवाई करते हुए उन्हें गिरफ्तार किया जाए। सैलजा ने कहा कि अंबाला हमेशा से भाईचारे और आपसी सौहार्द के लिए जाना जाता रहा है। ऐसे में बाहर से आकर कुछ लोगों द्वारा माहौल खराब करने की घटनाएं बेहद चिंता का विषय हैं। उन्होंने कहा कि प्रशासन को ऐसे मामलों में निष्पक्ष और सख्त कार्रवाई करनी चाहिए, ताकि कानून व्यवस्था पर लोगों का भरोसा कायम रहे। प्रदेश सरकार पर निशाना साधते हुए कुमारी सैलजा ने कहा कि प्रदेश में अपराधियों के हौसले बढ़ रहे हैं और आम आदमी अपने आप को असुरक्षित महसूस कर रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार का कानून व्यवस्था पर नियंत्रण नहीं रह गया है और प्रदेश में आम नागरिक का जीना मुश्किल होता जा रहा है। इस मौके पर शमशेर गोगी, बिमला सरोहा, दीपक कक्कड़, वेणु अग्रवाल, पलविंदर सहित कई कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।