कुरुक्षेत्र। जिले भर में रविवार को सूरजमुखी की खरीद बंद रही, केवल उठान किया गया। इसके बावजूद महज 84 एमटी उठान हो पाया। शनिवार को बारिश के चलते खरीद प्रभावित रही तो रविवार को छुट्टी के चलते नहीं की गई। आज सोमवार को फिर खरीद होगी, जिससे किसानों को राहत मिल पाएगी।
जिले की सात अनाजमंडियों में सूरजमुखी खरीद के लिए केंद्र बनाए गए हैं, जहां पर अब तक 420 एमटी फसल खरीदी गई है। इसमें से महज 29 फीसदी 123 एमटी का ही उठान किया गया। माना जा रहा है कि फसल खरीद सोमवार से रफ्तार पकड़ेगी। पूरे सप्ताह मौसम हल्के बादल के साथ साफ रहने की संभावना है। ऐसे में माना जा रहा है कि खरीद तेज होगी। बता दें कि अब तक इस्माईलाबाद में सात, शाहाबाद में 344, लाडवा में पांच व बाबैन में 64 एमटी फसल खरीद की गई है। शनिवार को बारिश के बाद रविवार को मंडियों में श्रमिक फसल सुखाने में जुटे रहे। उधर जिला उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा का कहना है कि फसल खरीद व उठान में तेजी लाए जाने के निर्देश दिए जा चुके हैं।