कुरुक्षेत्र। कुवि रोज गार्डन में धूप में बैठे विद्यार्थी। संवाद
कुरुक्षेत्र। जिले में रविवार को इस साल का सबसे ठंडा दिन रहा। न्यूनतम तापमान में लगातार गिरावट के कारण चार डिग्री तापमान पर धर्मनगरी ठिठुरी। साथ ही सुबह के समय कोहरा भी छाया रहा। हालांकि रविवार को दिनभर धूप निकली जिससे लोगों को कुछ समय के लिए राहत की उम्मीद जगी लेकिन 13 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से चली शीतलहर ने वातावरण में ठंडक बनाए रखी। ठंडी हवा के कारण धूप का असर भी सीमित रहा और लोगों को सर्दी से पूरी तरह राहत नहीं मिल सकी। दिन का अधिकतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान चार डिग्री सेल्सियस रहा जबकि शनिवार को पांच डिग्री था।
ठंड का असर पशु-पक्षियों पर भी दिख रहा है। आवारा पशु ठंड से बचने के लिए धूप वाले स्थानों और रिहायशी इलाकों में शरण लेते नजर आए। पशुपालकों की ओर से अपने पशुओं को ठंड से बचाने के लिए अतिरिक्त इंतजाम किए जा रहे हैं।
सुबह और शाम के समय ठंड का असर सबसे अधिक महसूस किया गया। लोग अलाव का सहारा लेते हुए भी दिखाई दिए। बाजारों और सार्वजनिक स्थानों पर भीड़ अपेक्षाकृत कम रही। सर्दी बढ़ने से छोटे बच्चे और बुजुर्ग अधिक प्रभावित हो रहे हैं।
मंगलवार को बादल छाने की संभावना : डॉ. ममता
मौसम विशेषज्ञ डॉ. ममता ने बताया कि मंगलवार को आसमान में बादल छाए रहेंगे जिससे तापमान में ज्यादा बदलाव की संभावना नहीं है। इसके बाद अगले दो दिनों तक मौसम साफ रहने की उम्मीद है लेकिन ठंड का असर बना रहेगा। उन्होंने यह भी बताया कि शुक्रवार और शनिवार को एक बार फिर मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा।