शाहाबाद। जीटी रोड पर मीरी पीरी के साथ लगते खेतों में एक व्यक्ति ने अपने ही रिवाल्वर से गोली मारकर आत्महत्या कर ली। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।
जानकारी के अनुसार रविवार को खेतों में काम कर रहे कुछ मजदूरों ने गोली चलने की आवाज सुनी। इधर-उधर ढूंढने पर उन्हें एक व्यक्ति मृत मिला, जिसकी सूचना उन्होंने पुलिस को दी।
पुलिस ने मौके पर पहुंच कर शव को कब्जे में लेकर घटनास्थल का मुआयना किया और फिर लाश को पोस्टमार्टम के लिए लोकनायक जय प्रकाश अस्पताल भेजा। मृतक की पहचान गांव चढ़ूनी निवासी सतबीर सिंह के रूप में हुई।
बताया जाता है कि सतबीर पिछले कुछ समय से मानसिक रूप से परेशान था। वहीं घटना का पता चलने के बाद भारतीय किसान यूनियन के प्रदेशाध्यक्ष और लोकसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी की उम्मीदवार रही बलविंदर कौर के पति गुरनाम सिंह चढ़ूनी भी कुरुक्षेत्र पहुंचे।
पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के हवाले कर दिया है। पता चला है कि जिस रिवाल्वर का इस्तेमाल आत्महत्या करने के लिए सतबीर ने किया है, वह उसका अपना हथियार है।