शुगर मिल में बाहरी क्षेत्र से गन्ना गिराने के विरोध में भाकियू प्रेस प्रवक्ता राकेश बैंस के नेतृत्व में एमडी शुगर मिल को सीएम के नाम ज्ञापन सौंपा गया। साथ ही चेतावनी दी गई कि शाहाबाद क्षेत्र के किसान बाहरी गन्ने को शाहाबाद शुगर मिल में नहीं गिरने देंगे।
ज्ञापन में कहा गया है कि केन कमिश्नर पंचकूला हरियाणा ने एक पत्र जारी किया है, जिसमें कहा गया है कि इस बार नारायणगढ़ शुगर मिल किसी वजह से चल नहीं सकती। इस कारण मिल का सारा गन्ना शाहाबाद कोऑपरेटिव शुगर मिल शाहाबाद, पिकाडली शुगर मिल भादसों और सरस्वती शुगर मिल यमुनानगर में भेजने के निर्देश दिए गए हैं। शाहाबाद शुगर मिल की पूरे सीजन में गन्ने की पेराई क्षमता 80 लाख क्विंटल है जबकि मिल के पास पूरे सीजन का पर्याप्त गन्ने से भी अधिक गन्ना है, इसलिए क्षमता से अधिक गन्ना क्रेशर नहीं किया जा सकता। अगर बाहर से गन्ना आता है तो मिल क्षेत्र के किसान परेशान हो जाएंगे। इसलिए नारायणगढ़ शुगर मिल को चलाया जाए। शाहाबाद शुगर मिल क्षेत्र का किसान किसी भी सूरत में बाहरी गन्ना अपने मिल में तुलने नहीं देगा। इस मौके पर जसबीर सिंह मामू माजरा, पवन बैंस, नवाब सिंह, प्रदीप कुमार, कुलबीर सिंह, युद्दवीर सिंह, जसबीर सिंह, सतिंद्र सिंह, सुखबीर सिंह मौजूद रहे।