जिला आयुष अधिकारी डॉ. सुदेश जाटियान ने बताया कि 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस के अवसर पर सूर्य नमस्कार से संबंधित एक विशेष झांकी निकाली जाएगी, जो लोगों को इस अभियान के प्रति जागरूक करेगी। इसमें आयुष विभाग के अधिकारी कर्मचारी और कई विद्यार्थी शामिल रहेंगे। 26 जनवरी के बाद अगले पांच दिनों तक जेल में स्वास्थ्य शिविर लगाया जाएगा, जहां कैदियों को सूर्य नमस्कार का अभ्यास कराया जाएगा और उनके स्वास्थ्य का निरीक्षण भी किया जाएगा।
स्वास्थय के प्रति जागरूकता फैलाने में होगा मददगार साबित
जिला आयुष अधिकारी डॉ. सुदेश जाटियान ने बताया कि विभाग का यह प्रयास समाज में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता फैलाने की दिशा में एक बड़ा कदम है। ऐसे कार्यक्रम न केवल शारीरिक रूप से, बल्कि मानसिक और सामाजिक रूप से भी एक स्वस्थ समाज के निर्माण में मददगार साबित होंगे। हर घर सूर्य नमस्कार अभियान के तहत जिले के सभी योग शालाओं, सार्वजनिक स्थलों, पंचायत घर, धर्मशाला, गांव-गांव और गली गली में सूर्य नमस्कार का अभ्यास कराया जा रहा है। इस अभियान के माध्यम से हर वर्ग तक योग की इस प्राचीन पद्धति को पहुंचाने का लक्ष्य है।
कुरुक्षेत्र में हर घर सूर्य नमस्कार अभियान के तहत शुक्रवार को वार्ड नंबर दो के जिंदल पार्क में सूर्य नमस्कार का अभ्यास पूर्व म्युनिसिपल काउंसलर विमला देवी द्वारा कराया गया। इसमें आस-पास के कई लोगों ने हिस्सा लिया।
जिला योग कोऑर्डिनेटर डॉ. जागीर सिंह जी ने कहा है कि योग हमारे जीवन में अति महत्वपूर्ण है। हमारे दिनचर्या के लिए योग मनुष्य के लिए अति आवश्यक है और सूर्य नमस्कार को करके हम अपने दिनचर्या को मजबूत कर सकते हैं। इससे शरीर में होने वाली बीमारियों से छुटकारा पा सकते हैं। इस मौके पर योग स्पेशलिस्ट मनजीत और योग शिक्षक रोहतास, हरदीप सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।