कुरुक्षेत्र। कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के डिप्राइव्ड स्टूडेंट ऑर्गेनाइजेशन के छात्रों ने सोमवार को ग्राम पंचायत मदनहेड़ी हिसार की ओर से वाल्मीकि समाज के 80 घरों के कथित सामाजिक बहिष्कार और मकान तोड़ने के मामले के विरुद्ध न्याय रोष मार्च निकाला। वाल्मीकि समाज के घर जिस जमीन पर बसे हैं, उन्हें मालिकाना हक प्रदान करने की छात्रों ने प्रशासन से गुहार लगाई।
विद्यार्थी कुवि के राज गार्डन में एकत्रित हुए, जहां से रोष मार्च निकालते हुए थर्ड गेट पहुंचे। इस दौरान सुरक्षाकर्मी तैनात रहे। विद्यार्थियों ने आरोप लगाए कि विधायक की समाज विरोधी और संविधान विरोधी सोच के कारण उसके समर्थकों की ओर से कहने पर वाल्मीकि समाज पर दबाव और अत्याचार किया गया। उन्होंने सरकार से विधायक पद से बर्खास्त करने की अपील की है।
छात्रों का कहना है कि सामाजिक कार्यकर्ता व एडवोकेट रजत कलसन जो इस मामले की जांच कर रहे हैं उन्हें भी जान से मारने की धमकी मिल रही है। सरकार से जल्द से जल्द उन्हें सुरक्षा प्रदान की जाए। वाल्मीकि समाज में जातिवादी के डर के कारण भय का माहौल है। थर्ड गेट पर विद्यार्थियों द्वारा ग्राम पंचायत मदनहेड़ी और स्थानीय विधायक जस्सी पेटवाड़ का पुतला फूंका गया। इस मौके पर छात्र नेता साहिल बड़सीकरी, विनोद राठी, सनी, सिमरन, सचिन, अखलाक, अमर, विनोद, गौरव आदि माैजूद रहे।