कुरुक्षेत्र। कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के इंस्टीट्यूट ऑफ इंटीग्रेटेड एंड ऑनर्स स्टडीज (आईआईएचएस) में नए शैक्षणिक सत्र के लिए प्रवेश को लेकर विद्यार्थियों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। संस्थान के विभिन्न स्नातक और एकीकृत पाठ्यक्रमों के लिए अब तक 5387 आवेदन प्राप्त हो चुके हैं। पारंपरिक पाठ्यक्रमों के साथ-साथ आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, रोबोटिक्स और कंप्यूटर आधारित कोर्स में भी छात्रों को आकर्षित कर रहे हैं।
आईआईएचएस की प्राचार्या प्रो. रीटा ने बताया कि बीए पाठ्यक्रम सबसे अधिक लोकप्रिय रहा है, जिसके लिए 1118 विद्यार्थियों ने आवेदन किया है। इसके बाद बीकॉम के लिए 511, बीसीए के लिए 456 और बीसीए (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) के लिए 429 आवेदन प्राप्त हुए हैं।
विज्ञान संकाय में बैचलर ऑफ लाइफ साइंस (मेडिकल) के लिए 361, बैचलर ऑफ फिजिकल साइंस (नॉन मेडिकल) के लिए 325 तथा बीएससी कंप्यूटर साइंस ऑनर्स के लिए 219 आवेदन प्राप्त हुए हैं। वहीं अंग्रेजी ऑनर्स के लिए 184, जूलॉजी ऑनर्स के लिए 167, केमिस्ट्री ऑनर्स के लिए 151, मैथमेटिक्स ऑनर्स के लिए 142 और फिजिक्स ऑनर्स के लिए 139 आवेदन दर्ज किए गए हैं। व्यावसायिक और रोजगारोन्मुखी पाठ्यक्रमों में भी विद्यार्थियों ने विशेष रुचि दिखाई है। बैचलर ऑफ टूरिज्म एंड ट्रैवल मैनेजमेंट के लिए 137, बीएससी रोबोटिक्स एंड ऑटोमेशन के लिए 115 तथा बैचलर ऑफ वोकेशन इन मेडिकल लैबोरेटरी टेक्नोलॉजी के लिए 112 आवेदन प्राप्त हुए हैं। इसके अलावा इतिहास ऑनर्स के लिए 130, मनोविज्ञान ऑनर्स के लिए 109, अर्थशास्त्र ऑनर्स के लिए 96 और हिंदी ऑनर्स के लिए 74 आवेदन मिले हैं। पांच वर्षीय एकीकृत एमएससी बायोटेक्नोलॉजी कार्यक्रम के लिए भी 101 विद्यार्थियों ने आवेदन किया है।
सबसे ज्यादा आवेदन वाले पाठ्यक्रम
बीए : 1118
-बीकॉम : 511
-बीसीए : 456
बीसीए (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) : 429
-लाइफ साइंस (मेडिकल) : 361
-फिजिकल साइंस (नॉन मेडिकल) : 325
बीएससी कंप्यूटर साइंस ऑनर्स : 219
21 तक कर सकते हैं आवेदन
आईआईएचएस के विभिन्न स्नातक और एकीकृत पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया जारी है। इच्छुक विद्यार्थी 21 जून तक विश्वविद्यालय की वेबसाइट के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं।