कुरुक्षेत्र। स्कूल शिक्षा परियोजना परिषद एवं समग्र शिक्षा अभियान का राज्य स्तरीय कला उत्सव मंगलवार से सैनी समाज भवन में शुरू होगा। दो दिवसीय समारोह का उद्घाटन 22 अक्तूबर को अतिरिक्त उपायुक्त सोनू भट्ट करेंगे। उत्सव में प्रदेश के 22 जिलों के लगभग 500 विद्यार्थी भाग लेंगे।
वहीं 23 अक्टूबर को सामाजिक न्याय व सहकारिता मंत्री कृष्ण बेदी विजेताओं को पुरस्कार वितरित करेंगे। सोमवार को इस संबंध में समग्र शिक्षा की जिला परियोजना समन्वयक संतोष शर्मा के नेतृत्व में विभागीय अधिकारियों का दल कृष्ण बेदी से मिला और कार्यक्रम के लिए आमंत्रित किया। जिला परियोजना समन्वयक ने बताया कि राज्यस्तरीय कला उत्सव बच्चों की कला को निखारने का महत्वपूर्ण मंच है, जिसमें सभी प्रकार की कलाओं का समन्वय होता है। उन्होंने बताया कि पिछले सात वर्षों से यह उत्सव कुरुक्षेत्र में ही आयोजित किया जा रहा है। समग्र शिक्षा के सहायक परियोजना समन्वयक क्रांति चावल ने बताया कि कला उत्सव के तहत समूह नृत्य, समूह गायन, थियेटर व परिदृश्य कलाओं की टीम स्पर्धाएं आयोजित की जाती हैं।