पहली बार धर्मनगरी में खेलो इंडिया यूथ गेम्स-2021 की मशाल के पहुंचने पर भव्य और जोरदार स्वागत किया जाएगा। इस गेम्स की मशाल व मस्कट धाकड़ आज शुक्रवार को सायं करीब पांच बजे ब्रह्मसरोवर पुरुषोत्तमपुरा बाग में पहुंचेंगे। यहां पर प्रशासन की ओर से खेलो इंडिया राहगीरी कार्यक्रम का भी आयोजन किया जाएगा। इस राहगीरी कार्यक्रम में परंपरागत खेलों के साथ-साथ हरियाणा कला परिषद और शिक्षा विभाग की तरफ से रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की भी प्रस्तुति दी जाएगी।
राहगीरी कार्यक्रम के मुख्य अतिथि खेल एवं युवा मामले राज्यमंत्री संदीप सिंह होंगे, जबकि सांसद नायब सिंह सैनी अध्यक्षता करेंगे। इस कार्यक्रम में जिले के प्रथम अर्जुन अवार्डी वॉलीबॉल खिलाड़ी डॉ. दलेल सिंह, अर्जुन अवार्डी ओलंपियन बॉक्सर मनोज कुमार, अर्जुन एवं भीम अवार्डी डीएसपी रमेश गुलिया सहित हॉकी व अन्य खेलों के राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों को भी सम्मानित किया जाएगा।
कार्यक्रम में सेल्फी प्वाइंट मुख्य आकर्षण का केंद्र रहेगा। इस राहगीरी के मंच पर हरियाणा कला परिषद व जिला शिक्षा विभाग की तरफ से कलाकारों द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम के साथ-साथ नशा मुक्त कुरुक्षेत्र बनाने जैसे विषय पर एक स्कीट की भी प्रस्तुति दी जाएगी। राहगीरी में बॉक्सिंग, जिम्नास्टिक, तलवारबाजी, कुश्ती, योग, बैडमिंटन, स्केटिंग, हॉकी, रस्सा-कस्सी आदि खेलों का भी प्रदर्शन किया जाएगा। इस कार्यक्रम में पारंपरिक खेल गतका सबसे ज्यादा आकर्षण का केंद्र बनेगा। कार्यक्रम के अंत में खेल राज्यमंत्री संदीप सिंह व सांसद नायब सिंह सैनी खेलो इंडिया प्रचार रथ को हरी झंडी देकर रवाना करेंगे।