कुरुक्षेत्र। सर्राफा एसोसिएशन के प्रधान मनोज गोयल।
कुरुक्षेत्र। अक्षय तृतीया के नजदीक आते ही जहां सर्राफा बाजार में रौनक देखने को मिलती थी, वहीं इस बार बाजार में सन्नाटा पसरा हुआ है। इसका कारण सोने की आसमान छूती कीमतें हैं। 24 कैरेट सोने की कीमत करीब एक लाख रुपये प्रति 10 ग्राम तक पहुंच गई है, जिससे आम आदमी की जेब पर भारी असर पड़ा है। शहर के प्रमुख सराफा बाजार में कई दुकानों पर ग्राहकों की संख्या नगण्य देखी जा रही है। छोटे दुकानदारों के लिए तो यह स्थिति किसी आर्थिक आपदा से कम नहीं। जहां पहले अक्षय तृतीया के मौके पर दुकानें ग्राहकों से भरी रहती थीं, वहीं अब दुकानदार खाली बैठे हैं।
यहां तक कि शादी का सीजन भी सोने के आभूषणों की बिक्री को नहीं बढ़ा पा रहा है। महंगाई के इस दौर में ग्राहक खरीदारी से पीछे हट रहे हैं। एक ग्राहक ने बताया पहले हर शादी में सोने की चूड़ियां, हार और अंगूठियां ली जाती थीं, लेकिन अब तो बजट ही नहीं बन पा रहा। लगातार बढ़ती कीमतों के चलते दुकानदारों में चिंता बनी हुई है। छोटे दुकानदारों का कहना है कि यदि यही स्थिति बनी रही तो उनका धंधा पूरी तरह चौपट हो जाएगा। ग्राहक न आने के कारण स्टाफ की सैलरी देना और अन्य खर्च निकालने भी मुश्किल हो गए हैं। अक्षय तृतीया पर्व पहले बाजार के लिए उत्साह लाते थे, अब चिंता की वजह बनते जा रहे हैं। यदि कीमतों पर नियंत्रण नहीं पाया गया तो आने वाले दिनों में सराफा व्यवसाय को गंभीर संकट का सामना करना पड़ सकता है।
आम व्यक्ति के लिए सोना खरीदना हुआ मुश्किल
सराफा एसोसिएशन के प्रधान मनोज गोयल ने बताया कि जबसे सोने की कीमत 78 हजार रुपये प्रति 10 ग्राम के पार गईं, तबसे मध्यमवर्गीय ग्राहक सराफा बाजार से दूरी बना चुके हैं। उन्होंने कहा कि अब सोना आम आदमी के तन से दूर होता जा रहा है। यह सिर्फ निवेश का साधन बनकर रह गया है।
कुरुक्षेत्र। सर्राफा एसोसिएशन के प्रधान मनोज गोयल।