कुरुक्षेत्र। जिले के एक गांव में घर के नीचे ही काॅस्मेटिक की दुकान चलाने वाले एक व्यक्ति द्वारा अपनी पत्नी की मदद से नाबालिग के साथ एक वर्ष तक दुष्कर्म किए जाने का मामला पुलिस तक पहुंचा है। आरोपी ने अपने एक दोस्त को भी इस अपराध में कई बार शामिल किया है। दुष्कर्म के दौरान नाबालिग के आपत्तिजनक फोटो व वीडियो लिए गए।
पुलिस को दी शिकायत में पीड़िता की मां ने आरोप लगाते हुए बताया कि वह अपने परिवार के साथ पिछले 8-10 वर्षों से गांव में आरोपी की दुकान पर बने मकान में रह रही है। उनकी 14 वर्षीय बेटी गांव के स्कूल में सातवीं कक्षा में पढ़ती है। आरोप लगाए कि घर के नीचे कॉस्मेटिक की दुकान चलाने वाले राजू ने उनकी बेटी के साथ पिछले एक साल से लगातार दुष्कर्म किया है। पीड़िता की मां ने बताया कि आरोपी ने शुरू में उनकी बेटी को किसी बहाने से दुकान में बुलाया और फिर उसके बाद जान से मारने की धमकी देकर दुष्कर्म किया।
इस दौरान पीड़िता के अश्लील फोटो व वीडियो भी ले लिए, जिन्हें सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर उसे ब्लैकमेल किया। पीड़िता को अकेली पाकर आरोपी बार-बार अपराध को अंजाम देता रहा। आरोप है कि अपने कबाड़ी दुकान चलाने वाले साथी अली से भी आरोपी ने पीड़िता से दुष्कर्म करवाया।
इस दौरान पीड़िता को जान से मारने की धमकियां दी गई, जिसके कारण वह लंबे समय तक चुप रही। डर के चलते वह स्कूल जाने से भी कतराती रही। दो दिन पहले छात्रा ने हिम्मत जुटाकर अपनी मां को पूरी घटना बताते हुए कहा कि इस पूरे अपराध में राजू की पत्नी ने भी उसे जान से मारने की धमकी दी और राजू का सहयोग देती रही। इसके बाद मां ने तुरंत महिला थाने में शिकायत दर्ज कराई।