कुरुक्षेत्र। पटियाला बैंक कॉलोनी में शिव कथा सुनते श्रद्धालु। स्वयं
कुरुक्षेत्र। अमीन रोड स्थित पटियाला बैंक कॉलोनी के मनोकामना सिद्ध श्री शिव मंदिर में श्री शिव महापुराण कथा का आयोजन किया गया। इस दौरान कार्तिकेय-गणेश जन्म प्रसंग भजनों सहित विस्तार से सुनाया गया। यजमानों ने शिव पूजन किया। व्यासपीठ से आचार्य रमेश उनियाल ने कार्तिकेय-गणेश जन्म प्रसंग में बताया कि पौराणिक कथा के अनुसार माता पार्वती ने स्नान से पूर्व अपने शरीर के उबटन से एक बालक की मूर्ति बनाई और उसमें प्राण डाल दिए।
पार्वती जी ने उस बालक को द्वारपाल बनाकर किसी को भी अंदर न आने का आदेश दिया। जब भगवान शिव वापस आए तो बालक ने उन्हें रोक दिया जिससे क्रोधित होकर शिव ने बालक का सिर काट दिया। पार्वती जी के अत्यंत दुखी होने पर शिवजी ने हाथी का सिर लगाकर बालक को पुनर्जीवित किया और उन्हें गणेश नाम दिया।
भगवान शिव ने गणेश जी को सभी गणों का स्वामी (गणपति) घोषित किया और आशीर्वाद दिया कि किसी भी शुभ कार्य से पहले गणेश जी की पूजा की जाएगी। यह कथा अहंकार को त्यागकर ईश्वर के प्रति समर्पण का प्रतीक मानी जाती है। इस अवसर पर पुजारी पंडित उमेश पाठक, आचार्य द्वारिका प्रसाद मिश्र, सौरभ शास्त्री, उज्ज्वल शर्मा, सौर्यांश, विनोद सिंगला, बीएन शर्मा, सुनील सिंगला, अश्वनी मित्तल, जसविंदर, विशेष, राहुल, अनुज, मनुज, अशोक, दर्शन पुरी और महिंदर खन्ना सहित अन्य शामिल रहे।