संवाद न्यूज एजेंसी
कुरुक्षेत्र। लोहड़ी और मकर संक्रांति का पर्व हर्षोल्लास से मनाया जाता है। इन त्योहारों पर मूंगफली, रेवड़ी, तिल, गजक और पॉपकॉर्न मक्की जैसे खाद्य पदार्थों की मांग चरम पर होती है लेकिन इस बार मौसम की बेरुखी ने छोटे कारोबारियों और रेहड़ी-फड़ी लगाने वालों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं।
पिछले दो दिनों से हो रही बारिश ने पर्व की रौनक को फीका कर दिया है। ठंड और बारिश के कारण लोग बाजार में खरीदारी के लिए कम निकल रहे हैं, जिससे रेहड़ी-फड़ी वालों की बिक्री पर बुरा असर पड़ा है। खासकर, जिन दुकानदारों ने लोहड़ी और मकर संक्रांति को ध्यान में रखते हुए बड़ी मात्रा में मूंगफली, तिल, रेवड़ी और गजक का स्टाक तैयार किया हुआ है, वे मायूस नजर आ रहे हैं। बारिश के कारण त्योहार की चमक भले ही थोड़ी फीकी पड़ी हो, लेकिन उम्मीद की जा रही है कि जैसे-जैसे मौसम साफ होगा, बाजार में फिर से रौनक लौटेगी और कारोबारी राहत की सांस ले पाएंगे।
सीलन से सामान खराब होने का सता रहा डर : दुकानदार होरी ने बताया कि हर साल लोहड़ी के आसपास हमारी बिक्री में तेजी आती थी, लेकिन इस बार बारिश के कारण ग्राहक नहीं आ रहे हैं। त्योहार के दौरान मक्की के फुले और तिल के उत्पादों की खास मांग रहती है, जिसको लेकर स्टाक तैयार किया था लेकिन इस बार ग्राहकों की कमी के कारण सीलन होने से सामान खराब होने का डर भी सता रहा है।