संवाद न्यूज एजेंसी
कुरुक्षेत्र। छह माह पहले जीजा-साले को हरियाणा पुलिस में नौकरी लगवाने के नाम पर व्यक्ति से सात लाख की धोखाधड़ी करने के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। सोमवार को पुलिस आरोपी राहुल वासी चम्मू कलां को अदालत में पेश करके रिमांड की मांग करेगी।
पुलिस प्रवक्ता नरेश कुमार ने बताया कि 27 नवंबर को नरसिंह दास वासी हरियापुर ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसका बेटा राहुल व दामाद राजेश बेरोजगार थे। दोनों सरकारी नौकरी करना चाहते थे। वर्ष 2018 में उसके बेटे राहुल ने हरियाणा पुलिस में भर्ती होने के लिए फार्म भर रखा था तथा दामाद ने डी ग्रुप के लिए अप्लाई किया था।
वह एक सत्संग में गोहाना जाता था। इसी दौरान उसकी मुलाकात आरोपी राहुल से हुई थी। राहुल ने उसे उसके बेटे व दामाद को हरियाणा पुलिस में नौकरी लगवाने के एवज में 17 लाख रुपये, जिसमें सात लाख रुपये एडवांस और बकाया नौकरी लगने के बाद देने की मांग की थी। उस पर विश्वास करके उसने बेटे व दामाद को सरकारी नौकरी लगवाने के नाम पर सात लाख रुपये अलग-अलग किस्तों में दिए थे, लेकिन भर्ती की लिस्ट में उसके दामाद व उसके बेटे राहुल का नाम नहीं आया था। इस पर जब उसने आरोपी से पैसे वापस मांगे तो आरोपी ने उसे जान से मारने की धमकी दी थी।
शिकायत पर थाना कृष्णा गेट में मामला दर्ज करके जांच सुभाष मंडी चौकी भेजी गई थी। मामले की जांच करते हुए चौकी प्रभारी प्रदीप कुमार की टीम ने आरोपी राहुल को गिरफ्तार करके पूछताछ की। चौकी प्रभारी प्रदीप कुमार ने बताया कि पूछताछ में आरोपी ने कबूला कि उसने नरसिंह दास से नौकरी लगवाने के नाम पर करीब सात लाख रुपये लिए थे। आज सोमवार को आरोपी को अदालत में पेश करके पुलिस रिमांड पर लिया जाएगा।