कुरुक्षेत्र। छात्राओं को महिला अपराधों के प्रति जागरूक करने और आत्मरक्षा के गुर सिखाने के लिए कुरुक्षेत्र पुलिस की सेफ सिटी टीम ने मंगलवार को कनीपला स्कूल में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। इस दौरान महिला पुलिसकर्मियों ने छात्राओं को आपात स्थिति में अपनी सुरक्षा करने के तरीके बताए और आत्मविश्वास के साथ ऐसी परिस्थितियों का सामना करने के लिए प्रेरित किया।
विज्ञापन
पुलिस प्रवक्ता नरेश के अनुसार, कार्यक्रम में छात्राओं को पकड़ से छूटने, हमलावर से बचाव करने और जरूरत पड़ने पर तुरंत सहायता लेने के व्यावहारिक तरीके समझाए गए। टीम ने बताया कि सतर्कता और आत्मविश्वास से कई अप्रिय घटनाओं से बचा जा सकता है। सेफ सिटी टीम की कांस्टेबल हरजीत ने छात्राओं को दुर्गा शक्ति एप पर पंजीकरण कराने की सलाह दी। उन्हें बताया गया कि महिला अपराध से संबंधित शिकायत महिला हेल्प डेस्क, महिला थाना, हेल्पलाइन नंबर 1091 और डायल 112 पर दी जा सकती है।