कुरुक्षेत्र। मिड-डे मील योजना के तहत कार्यरत लेखा अधिकारियों, कार्यक्रम अधिकारियों और आंकड़ा प्रविष्टि संचालकों को पिछले छह माह से वेतन नहीं मिलने के कारण कर्मचारियों में रोष है। वहीं, पांच वर्षों से वेतन में बढ़ोतरी नहीं होने से भी कर्मचारी नाराज हैं। कर्मचारियों का कहना है कि वे नियमित रूप से विभागीय जिम्मेदारियों का निर्वहन कर रहे हैं, लेकिन समय पर वेतन नहीं मिलने से उन्हें आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
मिड-डे मील कर्मचारी कल्याण समिति के प्रधान वीरेंद्र कुमार और महासचिव पवन कुमार ने कहा कि कर्मचारी लगातार विभागीय कार्यों को पूरा कर रहे हैं, इसके बावजूद छह माह का वेतन लंबित है। इससे कर्मचारियों और उनके परिवारों पर आर्थिक बोझ बढ़ रहा है। समिति पदाधिकारियों ने संबंधित विभागीय अधिकारियों से लंबित वेतन का जल्द भुगतान करवाने और वेतन में बढ़ोतरी करने की मांग की, ताकि कर्मचारियों को राहत मिल सके।