संवाद न्यूज एजेंसी
कुरुक्षेत्र। बीएएमएस व बीएचएमएस में दाखिले के लिए दूसरा स्ट्रे वैकेंसी राउंड मंगलवार को होगा। इस भौतिक उपस्थिति दौर में विद्यार्थी बीएएमएस व बीएचएमएस के लिएऑफलाइन माध्यम से भी आवेदन कर सकते हैं।
तीन दौर की काउंसलिंग और पहले स्ट्रे वैकेंसी राउंड के बाद श्रीकृष्णा आयुष विश्वविद्यालय से संबंधित आठ महाविद्यालयों में बीएएमएस की 74 और एक कॉलेज में बीएचएमएस की 47 सीटें रिक्त हैं। इसके साथ ही बैचलर ऑफ होम्योपैथिक मेडिसिन एंड सर्जरी में दाखिले के इच्छुक विद्यार्थियों के लिए रिक्त सीटों पर नीट की अनिवार्यता हटाई गई है। विद्यार्थी अपने जोखिम पर बीएचएमएस में दाखिला ले सकते हैं।
ड्राफ्ट एंड काउंसलिंग कमेटी के संयोजक डॉ. आशीष मेहता ने बताया कि तीन दौर की काउंसलिंग के बाद श्रीकृष्णा राजकीय आयुर्वेदिक महाविद्यालयसमेत विश्वविद्यालय से संबंधित अन्य 12 कॉलेजों में बीएएमएस और बीएचएमएस की 147सीटें रिक्त थी। पहले स्ट्रे वैकेंसी राउंड में 26 विद्यार्थियों को सीट आवंटित की गई है। चार महाविद्यालयों की सभी सीटों पर दाखिला प्रक्रिया पूरी हो चुकी है।
फिलहाल श्रीकृष्णा राजकीय आयुर्वेदिक महाविद्यालय समेत विश्वविद्यालय से संबंधित सात अन्य कॉलेजों में बीएएमएस की 74 और एक कॉलेज में बीएचएमएस की 47 सीटें रिक्त हैं। बाकि बची सभी सीटों पर दाखिले के लिए विद्यार्थियों को प्रोत्साहित किया जाएगा। इसके लिए श्रीकृष्णा आयुष विश्वविद्यालय द्वारा नियुक्ति कमेटी प्रयास करेगी, ताकि किसी भी महाविद्यालय की एक भी सीट रिक्त न रह जाए। उन्होंने बताया कि भौतिक उपस्थिति दौर में विद्यार्थियों को मूल दस्तावेजों की जांच के साथ ही फीस भी जमा करानी होगी।