कुरुक्षेत्र। जिले के सभी एसडीएम अपने-अपने उपमंडल में 10वीं व 12वीं कक्षाओं की परीक्षाओं के लिए बनाए गए केंद्रों का नियमित रूप से औचक निरीक्षण करेंगे। अगर इस निरीक्षण के दौरान कहीं भी आदेश की अवहेलना मिले तो नियमानुसार कार्रवाई अमल में लाई जाए। इतना ही नहीं प्रशासन द्वारा प्रत्येक उपमंडल में गठित उड़नदस्ते भी परीक्षा केंद्रों में दबिश दें।
जिला उपायुक्त नेहा सिंह ने ये आदेश जारी किए हैं। उपायुक्त ने कहा कि जिले में परीक्षाओं में नकल करने व नकल करवाने वालों के खिलाफ एफआईआर भी दर्ज की जा सकती है। अगर नकल के मामले में अधिकारी, कर्मचारी व शिक्षक की मिलीभगत मिली तो दोषी को तुरंत प्रभाव से निलंबित भी किया जाएगा। इन परीक्षाओं को नकल रहित व शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न करवाने के लिए बीएनएस की धारा 163 के तहत भी आदेश जारी किए जा चुके हैं। संवाद