कुरुक्षेत्र। लाडवा रोड पर बोहली-बजीदपुर मोड़ के निकट स्कूल वैन और कार की आपस में टक्कर हो गई। टक्कर लगने के बाद स्कूल वैन सड़क किनारे पलट गई। इस हादसे में स्कूल वैन में सवार चार बच्चे जख्मी हो गए। जख्मी बच्चों को तुरंत पिपली की पीएचसी में भर्ती कराया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद बच्चों को निजी अस्पताल भर्ती कराया गया। उधर स्कूल प्रिंसिपल का कहना है कि हादसे में केवल दो ही बच्चों को चोट लगी हैं। घटना सुबह आठ बजे की बताई जा रही है।
जानकारी के मुताबिक सेक्टर-29 के स्कूल की वैन सुबह करीब आठ बजे बच्चों को लेकर लाडवा रोड से स्कूल की तरफ आ रही थी। इस वैन में नौ बच्चे सवार थे। वैन बजीदपुर मोड़ के निकट पहुंची तो चालक ने अचानक वैन को यू-टर्न कट से मोड़ दिया। इसी दौरान लाडवा की तरफ से आई कार उस वैन के पीछे टकरा गई। टक्कर लगते ही स्कूल वैन पलट गई। वैन के पलटते ही बच्चों मेें चीख पुकार मच गई। वैन के शीशे टूट गए और सीटें उखड़ गईं। हादसे में चार बच्चों को चोट लगने की सूचना है, जबकि स्कूल प्रबंधन मात्र दो बच्चों के जख्मी होने की बात बता रहा है। हादसे के बाद आसपास के लोगों ने बच्चों को तुरंत वैन से निकाला और उनको पास की ही पिपली पीएचसी पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद जख्मी बच्चों को रेफर कर दिया। घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हो गई। फिलहाल निजी अस्पताल में बच्चों का इलाज चल रहा है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। पुलिस ने कार और स्कूल वैन चालक के बयान दर्ज किए। जांच अधिकारी एसआई शमशेर सिंह का कहना है कि जांच के बाद मामले में कार्रवाई की जाएगी।