शाहाबाद। नवनिर्वाचित सरपंच एसोसिएशन की पहली बैठक पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में बुधवार को आयोजित की गई। इस महत्वपूर्ण बैठक में भाजपा नेता सुभाष कलसाना विशेष रूप से उपस्थित हुए। उन्होंने एसोसिएशन के नवगठित पदाधिकारियों को बधाई दी और उनके सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं।
सुभाष कलसाना ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा सरकार ग्रामीण विकास के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने सरपंचों को प्रेरित किया कि वे गांव के विकास कार्यों को लेकर संबंधित अधिकारियों को समय पर लिखित सूचना दें, ताकि किसी भी कार्य में बाधा न आए। उन्होंने यह भरोसा भी दिलाया कि यदि किसी स्तर पर समस्या आती है तो वे व्यक्तिगत रूप से हरसंभव सहयोग करेंगे।
एसोसिएशन के नव नियुक्त प्रधान कुलविंदर सिंह ढकाला ने कहा कि गांवों के चहुंमुखी विकास के लिए सरकार और पंचायत प्रतिनिधियों के बीच बेहतर समन्वय आवश्यक है। उन्होंने विश्वास दिलाया कि एसोसिएशन पूरी तरह सक्रिय रहेगी और सरपंचों की समस्याएं उचित मंच पर उठाई जाएंगी। सभी मिलकर काम करेंगे ताकि ग्रामीण अंचलों में विकास की कोई कमी न रहे। बैठक का उद्देश्य नई कार्यकारिणी का परिचय करवाना और आगामी कार्ययोजना पर विचार-विमर्श करना था। बैठक में उपप्रधान जोंटी कश्यप, कार्यकारी प्रधान गुरबक्श सिंह सुलखनी, सह-कोषाध्यक्ष मिंटू रामनगर, समन्वय उप प्रभारी जोरावर मछरौली, सचिन राणा तंगौर, रमेश कुमार, सर्वजीत नगला, अंकित कठवा, नरेंद्र डाडलु, विक्रम दामली, मोती झरोली, अवतार बोखर माजरा सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।