शाहाबाद। प्रदेशभर में मिड डे मील वर्कर्स ने अपनी मांगों के लिए आंदोलन तेज कर दिया है। इसी क्रम में मिड डे मील वर्कर्स यूनियन (सीटू) 1933 की जिला इकाई ने हलका शाहाबाद के विधायक रामकरण काला के निवास पर पहुंचकर ज्ञापन सौंपा। यूनियन की जिला प्रधान रोशनी देवी के नेतृत्व में पहुंचे प्रतिनिधिमंडल ने विधायक के पुत्र और जिला परिषद सदस्य कंवर पाल को यह ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन के माध्यम से वर्कर्स ने अपनी पुरानी मांगों को दोहराया और कहा कि वे वर्षों से सरकार से गुहार लगा रही हैं, लेकिन अब तक केवल आश्वासन ही मिले हैं। वर्कर्स की प्रमुख मांगों में उन्हें स्थायी कर्मचारी का दर्जा देना, मासिक वेतन 26 हजार रुपये निर्धारित करना, रिटायरमेंट पर तीन लाख रुपये ग्रेच्युटी, 10 हजार रुपये मासिक पेंशन, साल भर नियमित वेतन, दो हजार रुपये वर्दी भत्ता, प्रतिमाह दो अवकाश और हटाई गई वर्कर्स की पुनर्नियुक्ति शामिल हैं।
साथ ही यूनियन ने यह भी मांग की कि मिड डे मील योजना को 12वीं कक्षा तक बढ़ाया जाए और स्कूलों के विलय की नीति पर तुरंत रोक लगाई जाए। यूनियन ने विधायक से आग्रह किया कि वे इस मुद्दे को विधानसभा में उठाएं और सरकार तक वर्कर्स की आवाज पहुंचाएं। यूनियन ने चेताया कि यदि मांगों पर जल्द ध्यान नहीं दिया गया तो तीन अगस्त को शिक्षा मंत्री के पानीपत निवास पर वर्कर्स एक बड़ा प्रदर्शन करेंगे। यूनियन के जिला सचिव अनिल कुमार और जिला कोषाध्यक्ष सुनील रत्न भी मौजूद रहे।