कुरुक्षेत्र। द्रोणाचार्य स्टेडियम परिसर में खेल विभाग की ओर से हर घर तिरंगा अभियान के तहत तिरंगा यात्रा निकाली गई। इस दौरान पूरा माहौल देशभक्तिमय हो उठा। यात्रा के दौरान वंदे मातरम व भारत माता की जय के नारे गूंजते रहे।
डीआईपीआरओ डाॅ. नरेंद्र सिंह व जिला खेल अधिकारी मनोज कुमार ने हरी झंडी देकर यात्रा को रवाना किया। यह तिरंगा यात्रा द्रोणाचार्य स्टेडियम से शुरू होकर सेक्टर-2 चौक पर समाप्त हुई। इस तिरंगा यात्रा में साई के खिलाडिय़ों ने हाथों में तिरंगा लेकर अपनी सहभागिता की। हाथों में लहराते तिरंगे व देशभक्ति के नारों के बीच पूरे मार्ग पर उत्साह एवं उमंग का माहौल बना रहा।
डीआईपीआरओ डाॅ. नरेंद्र सिंह ने कहा कि तिरंगा देश की आन-बान-शान और राष्ट्रीय एकता का प्रतीक है। यात्रा से देश के वीर शहीदों को नमन करने और युवाओं में राष्ट्रभक्ति की भावना को मजबूत करने का संदेश मिलता है। जिला खेल अधिकारी मनोज कुमार ने कहा कि तिरंगा यात्रा केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि देश के प्रति सम्मान, समर्पण और जिम्मेदारी की भावना को जागृत करने का माध्यम है।