कुरुक्षेत्र। कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के खेल प्रांगण में आयोजित दो दिवसीय इंटर कॉलेज टेबल टेनिस पुरुष प्रतियोगिता का बुधवार को समापन हो गया। प्रतियोगिता में एसए जैन कॉलेज अंबाला शहर की टीम ने स्वर्ण पदक जीता, जबकि एसडी कॉलेज अंबाला छावनी ने रजत और गुरुनानक कॉलेज यमुनानगर की टीम ने कांस्य पदक प्राप्त किया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जूलॉजी विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. दीपक राय बब्बर ने कहा कि खेलकूद हमें, आत्मविश्वास के स्तर का निर्माण करना और सुधार करना सिखाता है। यदि हम खेल का नियमित अभ्यास करें तो अधिक सक्रिय और स्वस्थ रह सकते हैं। खेल गतिविधियों में शामिल होना, हमें बहुत से रोगों से सुरक्षित करने में मदद करता है। उन्होंने विजेता खिलाड़ियों को पदक के साथ सम्मानित किया। केयू के स्पोर्ट्स काउंसिल के अध्यक्ष डॉ. नितिन सहगल ने कहा कि वास्तव में खेल का शारीरिक, मानसिक, संवेगात्मक एवं सामाजिक महत्व यह सिद्ध करता है कि खेल के जरिये खिलाड़ियों के व्यक्तित्व का अच्छा विकास होता है। नैतिक दृष्टि से खेल कार्यक्रमों से बालक में आत्म नियंत्रण, ईमानदारी, सच्चाई, निष्पक्षता, सहयोग और सहनशीलता आदि गुण उत्पन्न होते हैं। डॉ. सहगल ने बताया कि केयू स्पोर्ट्स काउंसिल लगातार खिलाड़ियों को सुविधाएं देने और उनके कौशल विकास के लिए प्रयासरत है। इस मौके पर डॉ. कृष्ण और कोच अतुल सहित अन्य लोग मौजूद रहे।