पानीपत। शहर के आठ सेक्टरों की आडब्ल्यूए ने मूलभूत सुविधा और बड़े प्रोजेक्ट पर काम न होने पर सोमवार को हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण के कार्यालय पर का घेराव कर लिया। हरियाणा स्टेट हुडा सेक्टर्स कन्फेडरेशन के बैनर तले आरडब्ल्यूए ने अधिकारियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और अधिकारियों पर अनदेखी बरतने के आरोप लगाए। धरने में सेक्टर-6, 7, 8, 13-17, 18, 24 और 40 की आरडब्ल्यूए शामिल हुई। प्राधिकरण के बड़े अधिकारियों धरने से दूरी बनाकर रखी। आरडब्ल्यूए ने अधिकारियों को एक महीने का समय दिया है। आरडब्ल्यूए ने 23 मार्च से अनिश्चितकालीन धरना देने की चेतावनी दी है।
जिला संयोजक बलजीत ने इसकी अगुवाई की। उन्होंने कहा कि सेक्टरों में मूलभूत सुविधा तक नहीं दी जा रही हैं। वे इनकी मांग के लिए कई बैठक तक कर चुके हैं। अधिकारी हर बार भरोसा देकर काम को टाल देते हैं। प्राधिकरण के मुख्य प्रशासक तक अपनी मांग रखी है। अधिकारी हर बार भरोसा देकर टाल देते हैं। अधिकारियों की अनदेखी से सेक्टरवासियों को समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि सेक्टर-7-8 में 27.68 करोड़ की लागत से सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट बनाया जाना है। इसका प्रस्ताव मुख्य प्रशासक के पास पंचकूला गया हुआ है। इसकी निरीक्षण पांच दिसंबर 2025 की चीफ इंजिनियर पीडब्ल्यूडी ने निरीक्षण रिपोर्ट भी भेज दी है। दो महीने बाद भी इसकी मंजूरी नहीं मिल पाई है।
सेक्टरों की सीवर लाइन साफ नहीं की जा रही हैं। ऐसे में दूषित पानी सड़कों पर बहता है। सेक्टरों में कॉलोनियों से भी बुरे हाल हो गए हैं। ऐसे में बीमारी फैलने का भी डर बना हुआ है। सेक्टर 7, 8, 24 में कोई शोपिंग सेंटर नहीं है। यहां डिस्पेंशनरी भी नहीं है। ग्रीन बेल्ट की सफाई व पार्कों की देखरेख नहीं की जा रही है। सामुदायिक केंद्र का निर्माण कार्य दो महीने से बंद है। अधिकारियों को इसे शुरू कराने की मांग कर चुके हैं लेकिन अधिकारी कोई सुनवाई नहीं कर रहे हैं।
सेक्टर 7, 8, 24 और 40 की आडब्ल्यूए ने बताया कि सेक्टराें में सड़कों के निमार्ण के टेंडर हो चुके है और काम ठेकेदारों को अलॉट भी कर दिए गए हैं। बावजूद इसके काम नहीं हो पाए हैं। एसके त्यागी ने बताया कि सेक्टरों में नियमित जल परीक्षण न होने से दूषित पेयजल आ रहा है। ट्यूबवेल के पानी की गुणवत्ता की जांच कराई जाएं। सेक्टरों में किसी प्रकार की बीमारी फैलती है तो प्राधिकरण के अधिकारी जिम्मेदार होंगे।
इस मौके पर रणधीर सिंह, रामपत नैन, सतपाल, धर्मेंद्र अहलावत, अनिल राघव, एसके त्यागी, ओमप्रकाश, ताराचंद, राजेश अहलावत, हवासिंह, राममेहर मोर, भीम सिंह, एसपी गौतम, सतबीर खत्री व सूरजभान राठी मौजूद रहे।