इसराना। शुगर मिल के एमडी संदीप कुमार ने सोमवार को डाहर सहकारी शुगर मिल के गेट के पास हवन कर किसान सेवा केंद्र और चीनी विक्रय केंद्र का शिलान्यास किया। किसान सेवा केंद्र बनने पर किसानों को यहां पर गन्ने से संबंधित दवा सरकार की हिदायतों अनुसार रियायती दरों पर मिलेगी। वहीं चीनी विक्रय केंद्र पर किसानों व आम जनता को शुगर मिल में बनने वाली रिफाइंड चीनी 10, 20 व 50 किलो की पैकिंग में मिलेगी।
शुगर मिल का चीनी विक्रय केंद्र अभी पुराने शुगर मिल में ही स्थित है। अब नए शुगर मिल में चीनी विक्रय केंद्र की दुकान व स्टोर बनने पर उसको यहां पर शिफ्ट कर दिया जाएगा। यहां पर ही वीटा का बूथ भी बनाया जाएगा। एमडी संदीप कुमार ने बताया कि नये डाहर शुगर मिल में किसान सेवा केंद्र और चीनी विक्रय केंद्र बनने से किसानों व आम जनता को लाभ मिलेगा। इस अवसर पर शुगर मिल के सीएओ कैलाश चंद्र, चीफ इंजीनियर राजकुमार, चीफ केमिस्ट बीएस हुड्डा, अकाउंटेट यशपाल, डिप्टी चीफ इंजीनियर रवि मान, कैन मैनेजर कर्मबीर बड़ौली, एसओ ईश्वर कादियान, सीडीओ विनय कुमार, एलए प्रवीन देशवाल व पीए विजय राठी मौजूद रहे।