पिहोवा। प्रदेश विधानसभा के डिप्टी स्पीकर डॉ.कृष्ण मिड्ढा के बेटे रुद्राक्ष मिड्ढा ने मंगलवार को पिहोवा का दौरा किया। उन्होंने ऐतिहासिक सरस्वती मंदिर और प्राचीन दक्षिणमुखी श्री हनुमान मंदिर में पूजा की। इस दौरान रुद्राक्ष मिड्ढा भाजपा नेता अक्षय नंदा के निवास पर पहुंचे थे। उन्होंने धार्मिक स्थलों की महिमा के साथ-साथ क्षेत्र के समग्र विकास पर भी चर्चा की।
रुद्राक्ष मिड्ढा ने पिहोवा को ऋषि-मुनियों की तपोभूमि और भारतीय संस्कृति का पवित्र केंद्र बताया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार इस ऐतिहासिक तीर्थ स्थल की गरिमा बढ़ाने के लिए कार्य कर रही है। सरकार श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं देने के लिए निरंतर विकास कार्य करा रही है। उन्होंने विश्वप्रसिद्ध सरस्वती तीर्थ के जीर्णोद्धार एवं सुंदरीकरण के लिए मास्टर प्लान की जानकारी दी। इस योजना का उद्देश्य तीर्थ क्षेत्र की धार्मिक, सांस्कृतिक और पर्यटकीय महत्ता को संरक्षित रखना है, साथ ही आधुनिक सुविधाएं विकसित करना भी इसका लक्ष्य है।
अर्थव्यवस्था को लाभ
मिड्ढा ने कहा कि सरस्वती तीर्थ से जुड़े विकास कार्यों से श्रद्धालुओं को लाभ मिलेगा। इससे पिहोवा क्षेत्र की अर्थव्यवस्था को नई गति मिलेगी। धार्मिक पर्यटन बढ़ने से स्थानीय व्यापारियों, पुजारियों और होटल व्यवसायियों को फायदा होगा। परिवहन से जुड़े लोगों को भी रोजगार के अवसर मिलेंगे। इस अवसर पर एडवोकेट मोहित शर्मा, मनीष पुरी और राहुल पुरी सहित अन्य मौजूद रहे।