कुरुक्षेत्र। पिपली में रामपाल के आश्रम में गोली चलाने के मामले में अब एक और नया मोड़ आया है। अब सोशल मीडिया पर ऑडियो जारी की गई है, जिसमें शूटर समाना की ओर से फायरिंग कराए जाने का दावा करने के साथ-साथ धमकी दी जा रही है कि दोबारा हिंदू देवी देवताओं पर टिप्पणी की तो माथे में गोली मार दी जाएगी।
ऑडियो में हालांकि किसी के नाम का जिक्र नहीं है और न ही पुलिस फिलहाल इस ऑडियो की पुष्टि कर रही है।
ऑडियो किसकी है और किस स्तर पर जारी की गई है, यह भी फिलहाल जांच का विषय है। अपराध अन्वेषण शाखा-1 की टीम ने गत दिवस ही फायरिंग मामले में शामिल आरोपी प्रेम चंद वासी अरजेहडी जिला करनाल को गिरफ्तार किया है।
उधर, पुलिस प्रवक्ता नरेश कुमार के मुताबिक 23 अक्तूबर को पुलिस को पुरुषोतम दास सेवादार ने शिकायत दी थी, जिसमें बताया गया कि वह आश्रम के प्रबंधन की सेवा संभालता है। 2 अक्तूबर की रात को आश्रम संचालक आने वाले थे। 21-22 अक्तूबर की रात को कुछ अज्ञात तत्वों द्वारा कुरुक्षेत्र आश्रम पर फायरिंग की गई, जिसके कारण यह कार्यक्रम निरस्त करना पड़ा। उसके बाद सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स फेसबुक, इंस्टाग्राम, एक्स आदि पर कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा इस फायरिंग की खुलेआम जिम्मेदारी लेते हुए वीडियो व पोस्ट वायरल किए जा रहे हैं। इससे समाज में तनाव व अशांति फैलाने का प्रयास किया जा रहा है। शिकायत पर थाना सदर थानेसर में मामला दर्ज करके जांच अपराध अन्वेषण शाखा-1 द्वारा की गई और मामले में उक्त आरोपी को काबू किया हुआ है।