कुरुक्षेत्र। अहिल्याबाई चौक पर स्थित पंजाब नेशनल बैंक में 1.52 लाख रुपये जमा कराने गए एक कर्मी से अज्ञात युवक पैसे जमा कराने में मदद का बहाना बनाकर रुपये ले उड़ा। सूचना पाकर पुलिस बैंक में पहुंची और सीसीटीवी फुटेज जांची, जिसमें अज्ञात युवक अमित के साथ बैंक में मौजूद है। वहीं बैंक के बाहर भी स्कूटी पर सवार युवक भी दिखाई दे रहा है। आरोपी पैसे लेकर बैंक के बाहर खड़े स्कूटी सवार अपने साथी के साथ फरार हो गया। पुलिस ने शिकायत पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
थाना कृष्णा गेट पुलिस को दी अपनी शिकायत में नीरज वधवा वासी थानेसर ने कहा कि उसकी सेक्टर-17 में टायर की दुकान है। सुबह उसने अपने वर्कर अमित सैनी को 1.52 लाख रुपये की राशि पंजाब नेशनल बैंक में उसके खाते में जमा कराने के लिए दी थी। करीब साढ़े 10 बजे अमित सैनी बैंक के लिए निकला था, जब वह बैंक में पहुंचा तो वहां एक युवक पहले से मौजूद था। युवक ने अमित से बातचीत की और पैसे जमा कराने के लिए उसकी मदद का आश्वासन दिया। आरोपी पैसे जमा कराने के लिए काउंटर तक अमित के साथ ही रहा, मगर काउंटर पर उसने अमित के हाथ से पैसे ले लिए और उसे दूसरी जगह बैठने को कह दिया। इसी दौरान आरोपी चुपचाप पैसे लेकर मौके से फरार हो गए। सूचना मिलते ही सुभाष मंडी पुलिस चौकी प्रभारी कुलदीप सिंह मौके पर पहुंचे। पुलिस ने बैंक में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच की। पुलिस ने शिकायत पर मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।
महिला सिपाही के अकाउंट से निकाले 15 हजार
कुरुक्षेत्र। पुलिस अधीक्षक कार्यालय में तैनात महिला सिपाही के अकाउंट से 15 हजार रुपये से कट गए। शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। थाना शहर थानेसर में दर्ज अपनी शिकायत में सिपाही पूजा वासी सांभली (करनाल) ने कहा कि उसका पंजाब नेशनल बैंक में अकाउंट है। 11 मार्च को उसके अकाउंट से 15 हजार रुपये कट गए थे, जबकि उसने अकाउंट से न पैसे निकाले और न किसी को ऑनलाइन ट्रांसफर किए थे। जानकारी से पता चला कि उसके अकाउंट से 15 हजार रुपये ऑनलाइन निकाले गए हैं। शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।