कुरुक्षेत्र। आत्मरक्षा प्रशिक्षण शिविर में हिस्सा लेते प्रतिभागी। स्वयं
कुरुक्षेत्र। इंस्टिट्यूट ऑफ इंटीग्रेटेड एंड ऑनर्स स्टडीज (आईआईएचएस) कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के फिजिकल एजुकेशन विभाग की ओर से सेल्फ डिफेंस ट्रेनिंग और स्वस्थ जीवन में योग का महत्व विषय पर एकदिवसीय सेमिनार और ट्रेनिंग प्रोग्राम का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन संस्थान की प्राचार्या प्रो. रीटा ने बतौर मुख्य अतिथि के रूप में किया। उन्होंने छात्रों को आत्म-सुरक्षा और योग के महत्व पर जागरूक करते हुए कहा कि आज के समय में ये दोनों ही जीवन के अत्यंत आवश्यक कौशल हैं।
कार्यक्रम के दौरान आयोजित पुशअप्स प्रतियोगिता में रोहित देशवाल प्रथम, नवीन द्वितीय और नरेंन शर्मा तृतीय रहे। सूर्य नमस्कार प्रतियोगिता में सृष्टि प्रथम, भिक्षु द्वितीय, जबकि छवि और हिमानी ने संयुक्त रूप से तृतीय स्थान प्राप्त किया। टग ऑफ वार प्रतियोगिता में भी छात्रों ने जोश के साथ भाग लेकर कार्यक्रम को रोमांचक बनाया।
सेल्फ डिफेंस ट्रेनिंग कोच राजेश शर्मा ने विद्यार्थियों को विभिन्न आत्मरक्षा तकनीकों का लाइव डिमॉन्सट्रेशन कराया। उन्होंने छात्रों को प्रैक्टिकल अभ्यास भी करवाया और बताया कि सही प्रतिक्रिया और उचित तकनीक किसी भी आकस्मिक परिस्थिति में व्यक्ति को सुरक्षित रहने की क्षमता देती है। योग एवं मानसिक स्वास्थ्य सत्र में विभागाध्यक्ष प्रो. संतोष दहिया ने युवाओं में बढ़ते तनाव, दबाव और अवसाद पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि योग, प्राणायाम और मेडिटेशन आज की जीवनशैली में अनिवार्य हो चुके हैं। आत्महत्या की बढ़ती घटनाएं अत्यंत चिंताजनक हैं और योग सकारात्मकता, मानसिक संतुलन और आत्मविश्वास बढ़ाने का सशक्त माध्यम है।