फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Kurukshetra News: कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के पूर्व एसडीओ व टी-मेट की जमानत रद्द करवाने के लिए दायर अर्जी खारिज

Sat, 22 Nov 2025 01:47 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, कुरुक्षेत्र
विज्ञापन
विज्ञापन
कुरुक्षेत्र। कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय में 64,000 रुपये रिश्वत मांगने के मामले में गिरफ्तार पूर्व एसडीओ (कंस्ट्रक्शन-द्वितीय) सुनील रोहिला और सह-आरोपी टी-मेट बुरहान अहमद को बड़ी राहत मिली है। अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश अनिल कुमार की अदालत ने वीरवार को शिकायतकर्ता नौशाद अली की अर्जी को खारिज कर दिया जिसमें दोनों आरोपियों की जमानत रद्द करने की मांग की गई थी।
विज्ञापन

शिकायतकर्ता ठेकेदार नौशाद अली ने अर्जी में आरोप लगाए थे कि जमानत मिलने के बाद सुनील रोहिला व बुरहान अहमद ने उन्हें लगातार धमकियां दीं और 11 सितंबर को विश्वविद्यालय परिसर में उनके खिलाफ प्रदर्शन कराया गया। उनके खिलाफ झूठी कलंदरा दर्ज कराई गई व विश्वविद्यालय प्रशासन उनके कहने पर ही उन्हें परिसर में घुसने से रोक रहा है। दोनों आरोपी मिलकर उन्हें गवाही देने से रोक रहे हैं और पुलिस को दी शिकायत वापस लेने के लिए दबाव डाल रहे हैं। शिकायतकर्ता ने एक फेसबुक वीडियो को भी सबूत के तौर पर पेश किया था जिसमें कथित तौर पर आरोपी प्रदर्शन में नजर आ रहे थे। अदालत ने शिकायतकर्ता के सभी आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने खुद लिखित जवाब में कहा है कि जांच में कोई बाधा नहीं डाली गई और कोई साक्ष्य से छेड़छाड़ नहीं हुई।
शिकायतकर्ता पर परिसर में प्रवेश प्रतिबंध विश्वविद्यालय प्रशासन का स्वतंत्र प्रशासनिक निर्णय था। जमानत देते समय लगाई गई किसी भी विशिष्ट शर्त के उल्लंघन का कोई पुख्ता सबूत रिकॉर्ड पर नहीं रखा गया। केवल आशंकाएं और बिना सबूत के आरोप जमानत रद्द करने का आधार नहीं बन सकते। शिकायतकर्ता ठेकेदार नौशाद अली का कहना है कि वह अदालत के इस फैसले के खिलाफ उच्च न्यायालय जाएंगे और दोनों आरोपियों की जमानत याचिका रद्द करवाने और दोबारा सिरे से नए जांच अधिकारी से जांच करवाने के लिए भी अदालत में आवेदन करेंगे।
विज्ञापन

बॉक्स

यह था मामला
20 जनवरी को एसीबी अंबाला ने ट्रैप डाला था। छात्रावास की बाउंड्री वॉल पेंटिंग का बिल पास कराने के बदले 64,000 रुपये रिश्वत मांगने का आरोप था। मध्यस्थ जोगिंदर मौके पर रंगे हाथों पकड़ा गया था। उसने पूछताछ में सुनील रोहिला और बुरहान अहमद का नाम लिया था। सुनील रोहिला को 21 जनवरी को गिरफ्तार किया गया था, बाद में उन्हें 24 फरवरी को जमानत मिल गई थी। बुरहान अहमद को मार्च में अग्रिम जमानत मिली थी।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें