पिपली के निकट जीटी रोड पर ट्रक से हुई भिड़ंत में एलपीजी से भरा टैंकर पलट गया। टैंकर के पलटने के कुछ ही क्षण बाद इसमें से गैस लीकेज शुरू हो गई। देखते ही देखते जीटी रोड का ट्रैफिक रोक दिया गया और ट्रैफिक रूट को बदल कर दूसरे रास्तों से निकाला गया। यह हादसा टैंकर के आगे चल रहे सीमेंट से भरे ट्रक का टायर फटने के बाद हुआ। ट्रक का टायर फटते ही गैस का टैंकर इसमें जा भिड़ा और पलट गया। इस हादसे में टैंकर चालक जख्मी हुआ है। उसे कुरुक्षेत्र के लोक नायक जयप्रकाश अस्पताल में दाखिल कराया गया है। वहीं पुलिस ने पानीपत रिफायनरी से इंजीनियर बुलाकर गैस लीकेज को बंद कराया।
करीब दो घंटे की जद्दोजहद के बाद गैस लीकेज बंद हुई और ट्रैफिक सामान्य हो सका। हालांकि इस बीच पिपली से अंबाला की ओर जाने वाले पूरे ट्रैफिक का रुख पिपली से लाडवा की ओर किया गया था। करीब दो घंटे तक यह ट्रैफिक पिपली से लाडवा होते हुए शाहाबाद की ओर से लंबी दूरी तय कर अंबाला पहुंच सका। थानेसर के एसडीएम नरेंदरपाल मलिक, तहसीलदार ईश्वर सिंह और डीएसपी नुपूर बिश्नोई के अलावा ट्रैफिक पुलिस दलबल के साथ मौके पर पहुंचे थे और ट्रैफिक व्यवस्था सामान्य होने तक जीटी रोड पर डटे रहे।
फायर ब्रिगेड ने लीकेज प्वाइंट पर की पानी की बौछार
पिपली थाना सदर के प्रभारी प्रतीक कुमार के मुताबिक घटना की सूचना मिलते ही पुलिस-प्रशासन के अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि दमकल केंद्र पर सूचित किया गया था। बताया गया है कि जिला फायर आफिसर कृष्ण चंद और लीडिंग फायरमैन नरेश कुमार एवं सतिंदर फायर ब्रिगेड के साथ मौके पर पहुंचे और टैंकर के लीकेज प्वाइंट पर गैस का प्रभाव कम करने के लिए लगातार पानी की बौछार जारी रखी। यहां पानीपत से इंजीनियर के पहुंचने तक गैस टैंकर पर पानी की बौछार को जारी रखा गया था।
मंगलवार रात को भी भिड़े थे पिपली में तीन वाहन
मंगलवार रात करीब 12 बजे पिपली से अंबाला की ओर जा रहे एलपीजी गैस के खाली टैंकर बेकाबू होकर डिवाइडर तोड़ते हुए पिपली की ओर दूसरी लेन में जाकर पंजाब रोडवेज की बस से जा भिड़ा। इस भिड़ंत के दौरान हिमाचल नंबर का एक ट्रक भी बस से टकराया। सौभाग्यवश इस हादसे में किसी यात्री को जान-माल की हानि नहीं हुई।