कुरुक्षेत्र। विदेश से आए गुजराल परिवार के साथ प्रेरणा वृद्धाश्रम के बुजुर्ग एवं प्रेरणा संस्था
कुरुक्षेत्र। प्रेरणा वृद्धाश्रम में विदेशों से भी बड़ी संख्या में लोग बुजुर्गों से मिलने पहुंचते हैं। वे बुजुर्गों के दिल की बात सुनते हैं और अपनी खुशियां बांटते हैं।
अमेरिका से निर्मल जैन, दुबई से कुलभूषण व्यास और अंजू, जर्मनी से श्रुति जैसे अप्रवासी भारतीय आश्रम में आशीर्वाद लेने पहुंचे। कई अन्य देशों से भी लोग लगातार आते रहे।
इसी कड़ी में गुजराल परिवार के प्रमुख रविंद्र गुजराल आश्रम आए। उनके साथ माता सावित्री देवी, बहनें सुमन लता और स्नेह लता, दोनों बेटे और कई रिश्तेदार थे। परिवार अपनी खुशियां मनाने और बुजुर्गों का आशीर्वाद लेने पहुंचा था। संस्थापक एवं संचालक जयभगवान सिंगला ने बताया कि प्रेरणा वृद्धाश्रम की ख्याति तेजी से बढ़ रही है। यह सात समुंदर पार तक पहुंच गई है। गुजराल परिवार का तिलक करके, शाल और अंगवस्त्र प्रदान किया गया। वृद्धाश्रम की बुजुर्ग महिलाओं ने उनकी लंबी आयु के लिए प्रार्थना की। उन्होंने कई मधुर भजन भी सुनाए। वृद्धाश्रम की सुरेखा ने तुम जियो हजारों साल गीत गाकर उनकी लंबी आयु की कामना की। रविंद्र गुजराल ने कहा कि बुजुर्गों का आशीर्वाद मिलने से पूरे परिवार की खुशियां और प्रसन्नता बढ़ गई।