कुरुक्षेत्र। गांव बगथला वासी पूर्व सैनिक शकीन सिंह के साथ 40 लाख रुपये की ठगी साइबर ठगों ने पूरा भरोसा बनाने के बाद की थी। उन्हें फेसबुक पर ‘ग्लोबल टेक न्यूज’ के नाम से एक मैसेज भेजा जिसमें एक लिंक दिया गया था। लिंक खोलने पर उन्हें वित्त मंत्री से जुड़ी निवेश संबंधी एक वीडियो दिखाई गई। इसके बाद भरोसा हुआ तो उन्होंने लिंक के माध्यम से अपना मोबाइल नंबर और ई-मेल आईडी दर्ज कर रजिस्ट्रेशन कर दिया जिसके बाद ठगी हुई।
साइबर पुलिस ने अब इस मामले में विक्रम निवासी कुराड़ और राजीव कुमार निवासी धनौरी जिला कैथल को गिरफ्तार किया है। उन्हें अदालत में पेश कर छह दिन के रिमांड पर लिया गया है।
शकीन सिंह ने शिकायत दी थी कि 17 जनवरी को उन्हें कुछ समय बाद उनके पास एक अज्ञात नंबर से कॉल आई। उसमें बताया गया कि यदि वे बताए गए तरीके से निवेश करेंगे तो उन्हें हर महीने 50 से 60 हजार रुपये तक की कमाई हो सकती है। झांसे में आकर उन्होंने आरोपियों के कहने पर ट्रेडिंग खाता खोलकर पहले 21 हजार रुपये निवेश किए। कुछ समय बाद उन्हें इस निवेश पर 19 हजार रुपये का लाभ भी दिखाया गया, जिससे उनका भरोसा और बढ़ गया।
इसके बाद आरोपियों के बताए अनुसार उन्होंने अलग-अलग चरणों में करीब 40 लाख रुपये निवेश कर दिए। जब उन्होंने अपने पैसे निकालने की कोशिश की तो रकम नहीं निकली और उन्हें अपने साथ ठगी होने का अहसास हुआ। साइबर क्राइम प्रभारी पीएसआई महेश कुमार का कहना है कि आरोपियों से पूछताछ की जा रही है।