कुरुक्षेत्र/पिहोवा। सेवानिवृत बैंक कर्मी से स्टॉक मार्केट में निवेश कराने के जाल में फंसाकर 29 लाख रुपये ठग लिए गए। अब पुलिस मामले की जांच में जुटी है। प्रोफेसर कॉलोनी निवासी कृष्ण लाल ने बताया कि वे पिछले कई साल से शेयर बाजार में डीमेट अकाउंट के जरिये ट्रेडिंग कर रहे हैं। गत नवंबर माह में उन्होंने गूगल के जरिये शेयर मार्केट से जुड़ी जानकारी की छानबीन की थी।
उन्हें दी दलाल स्ट्रीट इलाइट कल्ब 55 के नाम से बनाए गए व्हाट्सएप ग्रुप में शामिल कर दिया गया। ग्रुप एडमिन के नंबर से उन्हें संदेश भी आने लगे और फिर स्टॉक मार्केट में निवेश करने के लिए चर्चा की जाने लगी। उन्हें एक एप में निवेश करने को कहा।
यहां तक कि आरोपी ने ऑनलाइन कारोबार करने के लिए आवेदन तक कराया और सपने दिखाए और कुछ लोगों के उदाहरण भी बताए। वे उनके झांसे में आ गए और उससे एप इंस्टॉल करवा ली और वाॅलेट अकाउंट तक बनवा लिया।
आरोपी ने 18 नवंबर को वेबसाइट पर कस्टमर सर्विस चैट में निवेश करने की सलाह दी और जब भरोसा हो गया तो आरोपी को एक लाख रुपये भेज दिए गए। आरोपी की ओर से कुछ दिन बाद ही बताए अनुसार कुछ भुगतान भी किया गया और वाॅलेट में बढ़ी रकम देखी तो विश्वास और बढ़ने लगा। इसके बाद उसने चार लाख और ट्रांसफर कर दिए।
अगले दिन उन्होंने एक लाख रुपये खाते में भेज दिए। वहीं 28 नवंबर को 50 हजार रुपये एक और बैंक अकाउंट में ट्रांसफर किए और इसी तरह उससे आरोपी की ओर साढ़े 29 लाख रुपये भेज दिए गए।
पुलिस ने नागरिकों से सतर्क रहने की अपील की है। उन्हांेने कहा कि निवेश करने के लिए विश्वसनीय और रेगुलेटेड प्लेटफॉर्म का ही चयन करें। स्टॉक मार्केट में हमेशा कुछ न कुछ जोखिम होता है। अगर कोई आपको बिना जोखिम के लाभ का वादा करता है, तो वह धोखाधड़ी हो सकती है। किसी को भी अपनी व्यक्तिगत जानकारी जैसे बैंक खाता नंबर, कार्ड विवरण, या पैन कार्ड नंबर, बिना सही पहचान और सत्यापन के साझा न करें।