कुरुक्षेत्र। हरियाणा उच्चतर शिक्षा विभाग की ओर से यूजी पहले वर्ष में दाखिले के आवेदन के लिए सोमवार से पोर्टल खुल जाएगा, जिसको लेकर विद्यार्थियों में भारी उत्साह देखने को मिल रहा है। जिले के 14 काॅलेजों में करीब नौ हजार सीटों पर विद्यार्थी मनपसंद विषयों में दाखिला लेंगे। दाखिलों को सफलतापूर्वक कराने के लिए काॅलेजों की ओर से अलग-अलग समितियों का गठन कर तैयारी पूरी कर ली गई है। दाखिले में ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया तीन जून से लेकर 25 जून तक होगी।
भगवान परशुराम कॉलेज के प्राचार्य ने बताया कि कॉलेज में यूजी की 960 सीटों पर दाखिले शुरू होंगे, जिसमें बीए सेल्फ फाइनेंस में 160, बीए एडेड में 400, बीकॉम एडेड में 80, बीकॉम सेल्फ फाइनेंस में 160 और बीएससी में 160 सीटों पर दाखिले के लिए आवेदन प्रक्रिया सोमवार से शुरु होगी। विद्यार्थियाें को आवेदन करते समय किसी तरह की परेशानी न आए कॉलेज में भी हेल्प डेस्क लगाए गए हैं और कॉलेज वेबसाइट पर भी संपर्क साधने के लिए नंबर दिए गए है, जिसके माध्यम से विद्यार्थी किसी भी तरह की सूचना प्राप्त कर सकते हैं।
ऑनलाइन आवेदन करते हुए ध्यानपूर्वक भरें जानकारी : डॉ. नीरज
दाखिला नोडल अधिकारी डॉ. नीरज वशिष्ठ ने बताया कि ऑनलाइन आवेदन करने के लिए विद्यार्थियों के लिए परिवार पहचान पत्र बहुत जरूरी है। इसको भरने के बाद ही आईडी पासवर्ड जेनरेट होगा। इसी के साथ आधार कार्ड, 10वीं व 12वीं का प्रमाणपत्र, पासपोर्ट साइज फोटो व हस्ताक्षर, इनकम सर्टिफिकेट, रिहायशी प्रमाणपत्र, माइग्रेशन सर्टिफिकेट और जाति प्रमाणपत्र, ईडब्ल्यू सर्टिफिकेट, एनएसएस, एनसीसी व स्पोर्ट्स सर्टिफिकेट पंजीकरण के लिए जरूरी है और जिन विद्यार्थियों का गैप है उनके लिए गैप इयर सर्टिफिकेट जरूरी है। स्कूल से मिलने वाला चरित्र प्रमाणपत्र भी आवश्यक है, जिन विद्यार्थियों ने ओपन से 12वीं की है, वो अपने वार्ड के पार्षद या गांव के सरपंच से बनवा सकता है। विद्यार्थियों के पास स्थाई ईमेल आईडी व मोबाइल नंबर हो। क्योंकि तीन साल तक इसी नंबर व ईमेल आईडी की जरूरत पड़ेगी। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी ऑनलाइन आवेदन करते हुए ध्यानपूर्वक अपनी सारी जानकारी भरें ताकि किसी तरह कि कोई गलती न रह जाए।
विशेषज्ञ के मुताबिक जानिए फिजिकल एजुकेशन में शिक्षा लेने वाले विद्यार्थियों का भविष्य
शारीरिक शिक्षा विभाग के विभागाध्यक्ष प्रो. अरविंद मलिक का कहना है कि शारीरिक शिक्षा विषय में पढ़ाई करने वाले विद्यार्थियों की प्लेसमेंट शत-प्रतिशत होती है। वह विद्यार्थी बेरोजगार नहीं रह सकता बल्कि निजी, सरकारी व खुद का स्वरोजगार स्थापित कर जीवन में कामयाबी हासिल कर सकता है। 12वीं कक्षा करने के बाद विद्यार्थी बीपेड, डीपेड बीएससी इन स्पोर्ट्स या बीए में ही फिजिकल एजुकेशन विषय लेकर डिग्री हासिल करता है। उसके बाद भविष्य में अपार संभावनाएं खुल जाती है। वह पीटीआई शिक्षक, डाइटिशियन, स्वरोजगार सहित निजी व सरकारी क्षेत्र में कार्य करने के लिए सक्षम हो जाता है। उसके बाद विद्यार्थी एमपेड, सर्टिफिकेट कोर्स इन जिम एंड ऐरोबिक इंस्ट्रक्टर, सर्टिफिकेट कोर्स इन स्पोर्ट्स डाइटिशियन, पीजी डिप्लोमा इन योगा सहित अन्य ऐसे कोर्स या पीजी की डिग्री करता है तो वह आगे कॉलेज या विश्वविद्यालस में शिक्षक के तौर पर सेवाएं देने के लिए सक्षम हो जाता है और इसी के साथ विद्यार्थी जिम इंस्ट्रक्टर, एकेडमी में स्पोर्ट्स डाइटिशियन, योग शिक्षक सहित स्वरोजगार व अन्य निजी व सरकारी क्षेत्रों में कार्य कर सकते हैं।
कुरुक्षेत्र। प्रो. अरविंद मलिक।
कुरुक्षेत्र। प्रो. अरविंद मलिक।