संवाद न्यूज एजेंसी
कुरुक्षेत्र। विधायक सुभाष सुधा ने नगर परिषद थानेसर के चार कर्मचारियों को नो डयूज सर्टिफिकेट (एनडीसी) जारी करने में लापरवाही बरतने की शिकायत को सही पाए जाने निलंबित करने की सिफारिश उपायुक्त से की है। इतना ही नहीं विधायक ने हाउस टैक्स में कार्यरत एक आईटीआई प्रशिक्षु को भी तुरंत प्रभाव से रिलीव करने के कहा है। साथ ही नगर निकाय के महानिदेशक के संज्ञान में भी इस पूरे मामले को लाया गया है। विधायक सुधा ने शुक्रवार को लोगों की शिकायत पर नगर परिषद का औचक निरीक्षण करने पहुंचे थे।
विधायक ने नप के सभी कक्षों का निरीक्षण करने के बादा सभागार में खुला दरबार लगाया। लोगों ने परेशानियों को विधायक के समक्ष रखा। बलराम शर्मा ने ढाई माह से नक्शे की फाइल को लटकाने, कई लोगों ने एनडीसी के लिए बार-बार चक्कर लगवाने, कई फाइलों को हाउस टैक्स ब्रांच से इधर-उधर करने सहित अन्य कई शिकायतों को रखा।
विधायक के समक्ष लोगों ने जिस-जिस कर्मचारी के खिलाफ शिकायत दर्ज करवाई, उसकी ईओ औरसचिव के माध्यम से तस्दीक करवाई। शिकायत में चार कर्मचारियों की लापरवाही मिली। इतना ही नहीं इनमें से एक-दो कर्मचारी के खिलाफ काम करने की एवज में पैसे लेने की बात भी सामने आई। विधायक ने तुरंत प्रभाव से नप ईओ को निर्देश दिए कि चारों कर्मचारियों राकेश, मुकेश, जगशीर व ब्रह्मपाल को टैक्स ब्रांच और एनडीसी जारी करने में लापरवाही बरतने की शिकायत उपायुक्त से करने और निलंबित करने की सिफारिश की।
इसके साथ ही विधायक ने नगर निकाय विभाग के महानिदेशक से भी दूरभाष पर बातचीत की और इस पूरे मामले को विस्तार से बताया। विधायक ने हाउस टैक्स ब्रांच में लगे एक आईटीआई प्रशिक्षु दौलत राम को भी एक फाइल को इधर-उधर करने और लोगों को गलत जानकारी देने पर नप ईओ को निर्देश दिए कि इस प्रशिक्षु को तुरंत प्रभाव से रिलीव किया जाए। इस मौके पर नप ईओ बलबीर सिंह, सचिव अजीत अरोड़ा, एक्सईन सुरेंद्र कुमार, नप अधिकारी केएल बठला सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
एनडीसी जारी करने के लिए बनी कमेटी
अब लोगों को एनडीसी लेने के लिए अधिकारियों की टेबल पर नहीं जाना पड़ेगा इसके लिए नगर परिषद के सचिव अजीत अरोड़ा, एक्सईन सुरेंद्र कुमार, नप अधिकारी केएल बठला, जेई संदीप कुमार की चार सदस्यीय कमेटी का गठन किया गया है। सभी लोग एनडीसी के लिए इन अधिकारियों को आवेदन देंगे। यह अधिकारी संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को एक ही टेबल पर बुलाकर एनडीसी जारी करने की तमाम औपचारिकताओं को पूरा करवाएंगे। विधायक ने कहा कि इस कमेटी से भी कोई व्यक्ति संतुष्ट नहीं है, तो वह उनके दूरभाष नंबर 92157-51665 पर संपर्क कर सकता है।