बाबैन। 12वीं अशोक कुमार मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट के पहले सेमीफाइनल मैच का शुभारंभ करते भाजपा
बाबैन। रामसरन माजरा गांव में क्रिकेट क्लब रामसरन माजरा की ओर से आयोजित 12वें अशोक कुमार मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट के पहले सेमीफाइनल मैच का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत भाजपा युवा मोर्चा बाबैन के मंडल अध्यक्ष विकास माजरा ने की और समाजसेवी प्रवीण सैनी ने अध्यक्षता की। टूर्नामेंट में कुल 20 टीमों ने भाग लेकर ग्रामीण क्षेत्र में खेलों के प्रति उत्साह को दर्शाया।
पहले सेमीफाइनल में रामसरन माजरा और सांवला की टीमों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला। शानदार प्रदर्शन करते हुए रामसरन माजरा की टीम ने सांवला को आठ विकेट से हराकर सेमीफाइनल में जीत हासिल की। टीम के खिलाड़ियों के बेहतरीन संयम, रणनीति और शानदार तालमेल ने दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं। मुख्य अतिथि विकास माजरा ने कहा कि युवा पीढ़ी को नशे से दूर रहकर खेलों को जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा बनाना चाहिए जिससे वे शारीरिक, मानसिक और बौद्धिक रूप से मजबूत बन सकें। खेल जीवन में अनुशासन, एकता और आत्मविश्वास पैदा करते हैं, जो युवा पीढ़ी को सही दिशा देते हैं।
उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में खेल प्रतिभाओं की कमी नहीं, आवश्यकता सिर्फ उचित मंच और प्रोत्साहन की है। यदि पंचायतें और संस्थाएं आगे बढ़कर युवाओं को खेलों के लिए प्रेरित करें तो अनेक खिलाड़ी बेहतर प्रदर्शन कर सकते हैं। रामसरन माजरा ने क्रिकेट क्लब की इस पहल की सराहना की और कहा कि ऐसे आयोजन युवाओं को सकारात्मक दिशा देते हैं और सामाजिक जागरूकता बढ़ाने में भी अहम भूमिका निभाते हैं।