कुरुक्षेत्र। प्रशासन की चार टीमों ने अब तक 153 स्थानों पर छापा मारा। इनमें से 88 गैस सिलिंडरों को जब्त किया गया है। जिला खाद् एवं पूर्ति नियंत्रक नरेश कुमार ने कहा कि जिले में तीन कंपनियों की 27 गैस एजेंसियां कार्यरत हैं। ईंधन की कोई कमी नहीं है और स्थिति पूरी तरह सामान्य है। जिले में उपमंडल स्तर पर टीमों का गठन किया गया है, जो आगे भी निगरानी जारी रखेगी।
उन्होंने लोगों से भी अपील की है कि घबराहट में ईंधन की अनावश्यक खरीदारी न करें। पर्याप्त भंडार उपलब्ध होने के कारण केवल आवश्यकता अनुसार ही खरीदारी करें, ताकि व्यवस्था सुचारू बनी रहे। जिले में एलपीजी, पेट्रोल व डीजल आदि सभी पेट्रोलियम पदार्थों की आपूर्ति पूरी तरह से सामान्य है।
जमाखोरी या कालाबाजारी करने पर होगी कार्रवाई
जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक ने कहा कि ईंधन की कमी की अफवाह फैलाने, जमाखोरी या कालाबाजारी करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन की ओर से लगातार पेट्रोल पंपों व गैस एजेंसियों का निरीक्षण किया जा रहा है और सप्लाई चेन की निगरानी की जा रही है। घरेलू गैस सिलिंडर का व्यावसायिक उपयोग करने वालों पर भी कार्रवाई होगी। गैस के मामले में आवश्यक सेवाओं को प्राथमिकता दी जा रही है। उन्होंने कहा कि उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। किसी भी समस्या के लिए 01744-294418 पर संपर्क कर सकते हैं।